
निवाई. आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान और प्रशासनिक जवाबदेही करने के उद्देश्य से पंचायत समिति सभागार में उपखंड स्तरीय जन अभियोग निराकरण एवं सतर्कता समिति की बैठक उपखंड अधिकारी गंभीर सिंह की अध्यक्षता में हुई। इसमें जन शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण, भ्रष्टाचार एवं कदाचार संबंधी शिकायतों, लंबित राजस्व प्रकरणों, नामांतरण, विभागीय शिकायतों, कानून-व्यवस्था तथा विभिन्न प्रशासनिक मामलों की गहन समीक्षा की गई।उपखंड अधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट शब्दों में निर्देश दिए कि जनहित से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। प्रत्येक विभाग लंबित प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण एवं निर्धारित समय सीमा में निस्तारण सुनिश्चित करे। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप विभागीय समन्वय, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य करते हुए आमजन को त्वरित राहत उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। बैठक में सभी विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए लंबित मामलों के निस्तारण की जानकारी दी। उपखंड अधिकारी ने निर्देश दिए कि आगामी बैठक से पूर्व सभी विभाग सौंपे गए कार्यों की शत-प्रतिशत अनुपालना सुनिश्चित कर विस्तृत प्रगति प्रतिवेदन प्रस्तुत करें। बैठक में तहसीलदार सृष्टि जैन, विद्युत विभाग के सहायक अभियंता, महिला अधिकारिता विभाग की सुपरवाइजर, पंचायत समिति के विकास अधिकारी, पुलिस विभाग के प्रतिनिधि सहित विभिन्न विभागों के ब्लॉक स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
फोटोकेप्शन
एनई2907सीए-निवाई. ब्लॉक स्तरीय बैठक में उपस्थित अधिकारी व कार्मिक।