https://www.patrika.com/rajasthan-news/
नई दिल्ली।
Congress President निर्वाचित होने के करीब सात माह बाद Rahul Gandhi ने पार्टी की सर्वोच्च इकाई Congress Working Committee की घोषणा कर दी है। कार्यसमिति की पहली बैठक 22 जुलाई को दिल्ली में होगी। कार्यसमिति में क्षेत्रीय संतुलन का ध्यान रखने के साथ ही उन प्रदेशों के प्रभारियों को विशेष आमंत्रित के तौर पर स्थान दिया गया है, जो पार्टी महासचिव नहीं है। कार्यसमिति में राजस्थान के तीन नेताओं को शामिल किया गया है जबकि वरिष्ठ नेता डॉ सीपी जोशी को जगह नहीं दी गई है।
ये भी पढ़ें
कार्यसमिति से कभी कांग्रेस में कददावर नेता कहलाने वाले जनार्दन द्विवेदी के साथ ही मोहन प्रकाश, बी के हरिप्रसाद और डॉ सीपी जोशी को बाहर का रास्ता दिखा दिया गया है। इसके अलावा दिग्विजय सिंह, कमलनाथ और सुशील कुमार शिंदे को भी कार्यसमिति में स्थान नहीं मिला है।
परम्परा से हटकर कार्यसमिति में निर्वाचित और मनोनीत सदस्यों की संख्या 23 रखी गई है जबकि पार्टी संविधान में यह संख्या 21 है। कार्यसमिति के 23 सदस्यों में पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी को छोड़कर तमाम नेता उम्रदराज हैं। पार्टी अध्यक्ष ने कार्यसमिति में युवाओं को महत्व देने की कोशिश की है और उन्हें स्थायी तथा विशेष आमंत्रित सदस्यों में स्थान दिया गया है।
पार्टी महासचिव (संगठन) अशोक गहलोत के अनुसार कांग्रेस अध्यक्ष ने कार्यसमिति में कुल 51 सदस्यों को स्थान दिया है। इनमें से 23 सदस्य निर्वाचित और मनोनीत श्रेणी में, 18 सदस्य स्थायी आमंत्रितों में और दस सदस्य विशेष आमंत्रित श्रेणी में हैं। कार्यसमिति की पहली श्रेणी में पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह समेत कई राज्यों के पूर्व मुख्यमंत्रियों को स्थान दिया गया है। कार्यसमिति के स्थायी आमंत्रितों में इंटक, युवक कांग्रेस, एनएसयूआई और महिला कांग्रेस अध्यक्ष को भी स्थान दिया गया है।
राजस्थान से तीन, मध्यप्रदेश से दो और छत्तीसगढ़ से दो
कार्यसमिति में राजस्थान से अशोक गहलोत, रघुवीर मीणा, भंवर जितेन्द्र को शामिल किया गया है। मध्यप्रदेश से ज्योतिरादित्य सिंधिया और अरुण यादव तथा छत्तीसगढ़ से मोतीलाल वोरा और ताम्रध्वज साहू को स्थान दिया गया है।
रघुवीर मीणा के जरिए सोशल इंजीनियरिंग
कांग्रेस कार्यसमिति में राजस्थान से अशोक गहलोत और पूर्व सांसद रघुवीर मीणा को जगह मिली है। वहीं महासचिव सीपी जोशी और मोहनप्रकाश को बाहर का रास्ता दिखा दिया गया है। इन दोनों चेहरों को कार्यसमिति में शामिल नहीं किया गया है। जोशी से असम का प्रभार भी ले लिया गया है।
राजस्थान से रघुवीर मीणा के रूप में कार्यसमिति में नया चेहरा लिया गया है। मीणा उदयपुर से सांसद रहने के साथ ही राजस्थान से पूर्व विधायक और पूर्व मंत्री रह चुके है। मीणा आदिवासी बैल्ट से आते है। इसके अलावा कांग्रेस अध्यक्ष सचिन पायलट के गुर्जर होने के कारण रघुवीर मीणा का नाम शामिल कर कांग्रेस ने सोशल इंजीनियरिंग को अंजाम दिया है। गौरतलब है कि हाल ही भाजपा ने किरोड़ीलाल मीणा को अपनी पार्टी में शामिल कर राज्यसभा भेजा है।
सीपी जोशी से असम भी छिना
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने सीपी जोशी को कार्यसमिति से बाहर का रास्ता दिखाने के साथ ही उनसे आसाम का प्रभार भी छीन लिया है। पार्टी महासचिव अशोक गहलोत के अनुसार पार्टी अध्यक्ष ने आसाम का प्रभार उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत को महासचिव बनाकर दे दिया है। उत्तर पूर्व के राज्य मेघालय में सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरने के बाद भी सरकार में बनाने में नाकामी के चलते सीपी जोशी से एक-एक कर बिहार, पश्चिम बंगाल का प्रभार पिछले दिनों छीन लिया गया था। अब उनके पास बचे बड़े राज्यों में से असम का प्रभार भी ले लिया गया है।
महज सात महिलाओं को स्थान
एक दिन पहले महिला आरक्षण विधेयक पारित कराने को लेकर प्रधानमंत्री को पत्र लिखने वाले कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने अपनी पार्टी की कार्यसमिति में महज सात महिलाओं को स्थान दिया है। इनमें पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी के अलावा अम्बिका सोनी, आशा कुमारी, रजनी पाटिल, कुमारी शैलजा, शीला दीक्षित और महिला कांग्रेस अध्यक्ष सुष्मिता देव को शामिल किया गया है।
कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य
राहुल गांधी, सोनिया गांधी, डा. मनमोहन सिह, मोती लाल वोरा, गुलाम नबी आजाद, मल्लिकार्जुन खडगे, एके एंटनी, अहम पटेल, अंबिका सोनी, ओमन चांडी, तरुण गोगोई, सिद्धारमैया, आनंद शर्मा, हरीश रावत, कुमारी शैलजा, मुकुल वासनिक, अविनाश पांडे, केसी वेणुगोपाल, दीपक बाबरिया, ताम्रध्वज साहू, रघुवीर मीणा, गैखंगम, अशोक गहलोत।
स्थाई आमंत्रित सदस्य
शीला दीक्षित, पी चिदम्बरम, ज्योतिरादित्य सिंधिया, बाला साहब थोराट, तारीक हमीद कर्रा, पीसी चाको, जितेंद्र सिंह, आरपीएन सिंह, पीएल पूनिया, रणदीप सुरजेवाला, आशा कुमारी, रजनी पाटील, रामचंद्र खुंटिया, अनुग्रह नारायण सिंह,राजीव एस सातव, शक्ति सिंह गोहिल, गौरव गोगोई, डा. ए चेला कुमार।
विशेष आमंत्रित सदस्य
केएच मुनियप्पा, अरुण यादव, दीपेंद्र हुड्डा, जितिन प्रसाद, कुलदीप विश्नोई, अध्यक्ष इंटक, अध्यक्ष युवा कांग्रेस, अध्यक्ष एनएसयूआई, अध्यक्ष अखिल भारतीय महिला कांग्रेस, मुख्य संगठक कांग्रेस सेवादल