Railways Big Decision : रेलवे का बड़ा फैसला। जयपुर होते हुए आज से 2 नई ट्रेनें शुरू होंगी। वहीं उत्तर पश्चिम रेलवे जोन की चार ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा। पढ़ें पूरी न्यूज।
Railways Big Decision : रेलवे का बड़ा फैसला। जालोर व पाली से सीधे दिल्ली रात्रिकालीन रेलसेवा का कई साल पुराना सपना शुक्रवार को पूरा होगा। भुज-जालोर-दिल्ली विशेष रेल जालोर स्टेशन से दोपहर 4.30 बजे पाली के लिए रवाना होगी। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव इसे हरी झंडी दिखाएंगे और इसी ट्रेन से शाम सात बजे पाली आएंगे। ट्रेन रात 8.45 बजे जयपुर पहुंचेगी और दिल्ली रवाना होगी। इसके बाद नियमित रेल सेवा भुज-दिल्ली रेलगाड़ी शनिवार से शुरू होगी।
यात्री सुविधाओं के मद्देनजर रेलवे ने भुज से दिल्ली के लिए वाया जयपुर होकर नई ट्रेन शुरू करने का निर्णय लिया है। इससे दिल्ली आने जाने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। रेलवे अधिकारियों के अनुसार भुज-दिल्ली प्रतिदिन एक्सप्रेस ट्रेन 23 मई से भुज से सुबह 11.15 बजे प्रस्थान कर अगले दिन सुबह 11.45 बजे दिल्ली पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन 24 मई से दिल्ली से शाम 16.40 बजे रवाना होकर दिन शाम 7.35 बजे भुज पहुंचेगी। रेलवे ने बताया कि नई रेलसेवा के संचालन से यात्रियों को यात्रा में सुविधा मिलेगी और राजस्थान, गुजरात और दिल्ली के विभिन्न शहरों के बीच कनेक्टिविटी बेहतर होगी।
रेलवे ने गर्मी की छुट्टी में ट्रेनों में बढ़ रहे यात्रीभार को देखते हुए शकूरबस्ती के लिए जयपुर होते हुए दो जोड़ी ट्रेन के संचालन का निर्णय लिया है। दो ट्रेन शुक्रवार से शुरू होंगी। साबरमती-शकूरबस्ती स्पेशल 22 मई साबरमती से रात 9.35 बजे चलकर अगले दिन दोपहर 2 बजे शकूरबस्ती पहुंचेगी। शकूरबस्ती-साबरमती 25 मई को शकूरबस्ती को रात 3 बजे रवाना होकर रात 8.30 बजे साबरमती पहुंचेगी। असारवा-शकूरबस्ती स्पेशल ट्रेन 22 मई असारवा से रात 11.15 बजे चलकर अगले दिन शाम 6.30 बजे शकूरबस्ती पहुंचेगी। वापसी में 24 मई को शकूरबस्ती से रात 9.20 बजे रवाना होगी। इस ट्रेन के संचालन से ट्रेन यात्रियों को बड़ी राहत पहुंचेगी और सफर बहुत आसान हो सकेगा।
दक्षिण पश्चिम रेलवे के बेंगलूरु स्टेशन पर यार्ड रिमॉडलिंग कार्य के चलते उत्तर पश्चिम रेलवे जोन की चार ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा। 2 अगस्त को बेंगलूरु-जोधपुर ट्रेन, 30 जुलाई व 1 अगस्त को जोधपुर-बेंगलूरु ट्रेन बेंगलूरु-यशवंतपुर स्टेशन के मध्य आंशिक रूप से रद्द रहेगी। 3 अगस्त को बेंगलूरु-जोधपुर ट्रेन का संचालन भी प्रभावित रहेगा। वहीं, 31 जुलाई व 2 अगस्त को अजमेर-मैसूर ट्रेन परिवर्तित मार्ग से चलेगी।