Rajasthan Weather News : राजस्थान में मानसून एक बार फिर एक्टिव हो गया है।
Rajasthan Weather News : राजस्थान में मानसून एक बार फिर एक्टिव हो गया है। राजधानी जयपुर में कल भी दो घंटे अच्छी बारिश हुई। वहीं आज भी प्रदेश में बारिश को लेकर चार जिलों में अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग की ओर से सवाई माधोपुर, कोटा, बूंदी व चित्तौड़गढ़ में बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। जिसमें मेघगर्जन और वर्जपात की संभावना जताई गई है। इसके अलावा 22 अगस्त को भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़ , प्रतापगढ़ व राजसमंद में बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।
प्रदेश में कल अलवर, भरतपुर, झालावाड़, दौसा, सीकर और जयपुर सहित कई जिलों में बारिश हुई। जयपुर तीन इंच व भरतपुर में दो इंच से ज्यादा पानी बरसा। इसके अलावा प्रदेश के अन्य जिलों में भी कहीं हल्की तो कहीं मध्यम बारिश हुई। राजधानी जयपुर में भी मंगलवार दोपहर में अचानक मौसम बदला और घने काले बादल छाने के साथ ही शहर के अलग अलग इलाकों में छितराई तेज बारिश हुई। इससे सड़कों पर पानी भर गया और शहर में जाम के हालात पैदा हो गए। वहीं 22 अगस्त से प्रदेश में फिर से कई जिलों में भारी बारिश की संभावना है।
राजधानी जयपुर में मंगलवार को सुबह से ही तेज धूप खिली एक हुई थी जिसके चलते गर्मी और उमस का असर बना हुआ था लेकिन दोपहर को अचानक मौसम ने पलटा खाया और घने काले बादल छाने के कारण कई इलाकों में करीब एक घंटे तक तेज बारिश हुई। इसके बाद रिमझिम बारिश का दौर देर रात तक शहर में रुक रुक कर चलता रहा। जयपुर में बीते 24 घंटों में शहर में 80 एमएम से ज्यादा यानी तीन इंच से ज्यादा बारिश हुई है।
प्रदेश में मंगलवार को सबसे अधिक तापमान गंगानगर में 38.7 डिग्री रहा। चूरू में 37.1 डिग्री, बीकानेर में 37 डिग्री, फलौदी में 36.2 डिग्री, बाड़मेर में 36.2 डिग्री, सीकर में 35 डिग्री, अजमेर में 34.3 डिग्री, कोटा में 34 डिग्री अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। वहीं राजधानी जयपुर में अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27.6 डिग्री दर्ज किया गया।