जयपुर

Rajasthan Congress : जयपुर की ‘हॉट सीटों’ पर दावेदारी करने उतरे ये दिग्गज, दिलचस्प हो रहा मुकाबला

Rajasthan Assembly Election 2023 : विधानसभा चुनाव के लिए जयपुर शहर की आठ सीटों पर कांग्रेस के जो दावेदार सामने आए हैं, उससे टिकट की लड़ाई रोचक हो गई है। कई सीटों पर पार्टी के लिए उम्मीदवार चयन को लेकर मशक्कत करनी पड़ेगी।
2 min read
• •
Updated: 25 Aug 2023, 12:30 PM IST
congress.jpg

जयपुर।

विधानसभा चुनाव के लिए जयपुर शहर की आठ सीटों पर कांग्रेस के जो दावेदार सामने आए हैं, उससे टिकट की लड़ाई रोचक हो गई है। हवामहल सीट पर जलदाय मंत्री महेश जोशी के अलावा पूर्व मंत्री ब्रजकिशोर शर्मा और पूर्व मेयर ज्योति खंडेलवाल ने भी दावेदारी ठोकी है। वहीं, जयपुर शहर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष सुरेश शर्मा के छोटे भाई सुनील शर्मा ने भी टिकट मांगा है। ऐसे में कई सीटों पर पार्टी के लिए उम्मीदवार चयन को लेकर मशक्कत करनी पड़ेगी।

मालवीय नगर: तीन दावेदार ऐसे, जिन्हें राज्यमंत्री का दर्जा

मालवीय नगर सीट पर तीन दावेदार ऐसे हैं, जो अभी बोर्ड-निगम में चेयरमैन है और उन्हें राज्यमंत्री का दर्जा मिला हुआ है। इनमें राजीव अरोड़ा राजसिको के चेयरमैन है। समाज कल्याण बोर्ड अध्यक्ष अर्चना शर्मा और विप्र कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष महेश शर्मा हैं, वहीं, प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष सुशील शर्मा और एआईसीसी के पूर्व सचिव संजय बापना भी दावेदारी कर रहे हैं।

मालवीय नगर सीट परिसीमन में 2008 में बनी थी और पहली बार राजीव अरोड़ा चुनाव लड़े थे। वे करीब 16 हजार वोट से हार गए थे। इसके बाद अर्चना शर्मा दो बार चुनाव लड़ी। वे 2013 में 49 हजार और 2018 के चुनाव में करीब 1800 वोट से हार गई थी। इस सीट पर अब तक 25 दावेदार सामने आए हैं।

सांगानेर, किशनपोल में यह स्थिति

सांगानेर सीट से पिछली बार पुष्पेन्द्र भारद्वाज को टिकट दिया गया था, वे 33 हजार वोट से हार गए थे। वे इस बार भी दावेदारी कर रहे हैं। उनके अलावा पूर्व मेयर विष्णु लाटा, सीताराम नेहरू, रामेश्वर नेता, धर्म सिंह सिंघानिया ने भी टिकट मांगा है। किशनपोल से वर्तमान विधायक अमीनुद्दीन कागजी के सामने पूर्व मेयर ज्योति खंडेलवाल, पार्षद आयशा सिद्दीकी, इकबाल खान टिकट मांग रहे हैं।

जयपुर की आठ में से पांच पर कांग्रेस के विधायक

जयपुर शहर की आठ सीटों में से कांग्रेस के पांच और भाजपा के तीन सीट पर विधायक है। भाजपा के विधायकों वाली सीटों- सांगानेर, मालवीय नगर और विद्याधर नगर में दावेदारों की संख्या ज्यादा है। अधिकतर कांग्रेस नेताओं को इन सीटों पर टिकट मिलने का ज्यादा भरोसा है।

Published on: