जयपुर

विधानसभा चुनाव के लिए दोनों दलों ने शुरू की तैयारी, छह माह का एक्शन प्लान होगा तैयार

कार्यकर्ताओं व आमजन तक पहुंचने की जुगत में नेतागण...
2 min read
• •
Updated: 3 Mar 2018, 12:02 PM IST
Election

जयपुर। भाजपा और कांग्रेस ने आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियां संगठन के स्तर पर तो शुरू कर दी हैं, लेकिन विधानसभा के बाद दोनों ही पार्टियां एक्शन में दिखेंगी। इसके लिए अभी से आगामी छह माह का एक्शन प्लान दोनों ही पार्टियों में बनाया जा रहा है, जिसे कार्यकर्ताओं तक भेजा जाएगा।

प्रदेश भाजपा के सूत्रों की मानें तो तीन दिन बाद विधानसभा सत्र खत्म हो जाएगा और फिर मंत्रियों और विधायकों के पास ज्यादा काम नहीं रहेगा और उनको ज्यादातर समय अपने-अपने विधान सभा क्षेत्रों में ही रहना है। ऐसे में एक एक्शन प्लान विधायकों के लिए बनाया जा रहा है, जिसके तहत वे अभी से फील्ड में जाकर सरकार के कामकाज की उपलब्धियों को बता सकें और सरकार के खिलाफ जो नकारात्मक माहौल बना है, उसको कम कर सकें। इसी प्रकार मंत्रियों के लिए भी अलग से एक्शन प्लान बनाया जा रहा है। किस तरह से उनको बजट घोषणाओं को धरातल पर लाना है और उनको किस तरह से आम जनता के बीच रखना है, जिससे विधानसभा चुनाव से पहले मतदाताओं की पार्टी के प्रति सकारात्मक सोच आए।

वहीं प्रदेश कांग्रेस भी अब विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुट गई हैं। सूत्रों के अनुसार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, जिला प्रभारी महासचिव और सचिवों के जिलों में जाने के कार्यक्रम बनाए जा रहे हैं। इसके साथ ही पार्टी सोशल मीडिया को भी मजबूत करने की तैयारी कर रही है। जिससे चुनाव से पहले पार्टी मतदाताओं को पार्टी के मजबूत प्लेटफार्म पर ला सके और उनको बता सके कि बीते चार सालों में प्रदेश की क्या स्थिति है। वहीं बताया जा रहा है कि पार्टी के बड़े पदाधिकारी और नेता जिलों में जाकर जनता की नब्ज भी टटोलने की तैयारियां कर रहे हैं। इसके लिए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सचिन पायलट समेत बड़े नेता जिलों में कार्यकर्ता सम्मेलन करने की तैयारियां कर रहे हैं।

Published on: