
जयपुर। राजस्थान में आतंकवाद निरोधी दस्ते (ATS) ने मिलिट्री इंटेलिजेंस से मिले इनपुट के आधार पर एक महिला बबीता धाकड़ उर्फ खदीजा को पाकिस्तान स्थित आतंकी नेटवर्क से कथित संपर्क रखने के आरोप में जयपुर के वाटिका इलाके से गिरफ्तार किया है। रविवार को गिरफ्तार महिला की पहचान बबीता धाकड़ उर्फ खदीजा के रूप में हुई है। वह मूल रूप से करौली जिले की रहने वाली है। बबीता धाकड़ पति से काफी समय से सेपरेट होकर अपने पिता के साथ जयपुर में रह रही थी।
एटीएस के एक वरिष्ठ अधिकारी का कहना है कि शुरुआती जांच में महिला के मोबाइल फोन से कई अहम जानकारियां सामने आईं। उसके मोबाइल में दो सिम कार्ड सक्रिय पाए गए, जबकि उसके सोशल मीडिया अकाउंट पर कई विदेशी प्रोफाइल और संदिग्ध संपर्क मौजूद थे।
उसकी मित्र सूची में ऐसे अकाउंट भी पाए गए जिन पर जैश-ए-मोहम्मद और दूसरे आतंकवादी संगठनों से जुड़ी सामग्री शेयर की गई थीं। एटीएस सूत्रों के मुताबिक महिला की व्हाट्सएप गतिविधियों में पाकिस्तानी और विदेशी नंबरों से बातचीत के संकेत मिले हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कुछ नंबर आतंकवादी संगठनों से जुड़े लोगों के हो सकते हैं।
एटीएस के एसपी मनीष त्रिपाठी ने बताया कि आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से जुड़ी बबीता नाम की एक महिला को UAPA एक्ट के तहत गिरफ्तार कर 7 दिन के रिमांड पर लिया गया है। राष्ट्रविरोधी गतिविधियों में ऐसे संगठन जो प्रतिबंधित हैं उनके संपर्क में होना और ऐसी बातें जो राष्ट्र की संप्रभुता को खतरे में डालते हैं। उसके मद्देनजर इस महिला के एक्ट को पाया है। इनके डिजिटल डाटा को इन्होंने काफी हद तक मिटाया है, जिसे हम तकनीकी माध्यमों से पुनः प्राप्त करेंगे। उससे हमें और पुख्ता जानकारी मिलेगी।
एसपी मनीष त्रिपाठी ने बताया कि महिला करौली जिले की रहने वाली है जो कि वर्तमान में जयपुर के वाटिका इलाके में अपने पिता के साथ रह रही थी। अभी ये घर में अकेली थी। उन्होंने बताया कि महिला का पहले विवाह हुआ था, लेकिन ये काफी समय से सेपरेट है। मनीष त्रिपाठी ने बताया कि मामले में जैश-ए-मोहम्मद का नाम सामने आया है।
जांच में सामने आया है कि बबीता को पाकिस्तानी मौलवी ने ऑनलाइन कलमा पढ़वाकर इस्लाम धर्म स्वीकार करवाया। उसने अपना नाम बदलकर खदीजा रख लिया। सुरक्षा एजेंसियां पता लगा रही है कि उसे कट्टरपंथी विचारधारा से किसने जोड़ा, धर्म परिवर्तन में किन लोगों की भूमिका रही और क्या वह किसी बड़े स्लीपर सेल या मॉड्यूल का हिस्सा है। उसके सहयोगियों व संपर्काें को खंगाला जा रहा है। सूत्रों के अनुसार बबीता नेपाल, सऊदी अरब या यूएई के रास्ते पाकिस्तान जाने की तैयारी कर रही थी।