
जहाजपुर व शाहपुरा क्षेत्र में हुई तेज बारिश के चलते पण्डेर पुलिया का पानी रविवार को बांध में मिलने से बांध के गेज में बढ़ोत्तरी तेज हो गई। पण्डेर पुलिया का गेज शनिवार शाम को डेढ़ मीटर था, जो रविवार सुबह 2.40 मीटर हो गया। यह पानी रविवार सुबह तक बांध में पहुंचने लगा था।
त्रिवेणी का गेज ( Triveni gauge )
जलभराव में सहायक त्रिवेणी का गेज शनिवार को 2 मीटर था जो रविवार सुबह 2.20 मीटर हो गया। दोपहर बाद फिर 30 सेमी घटकर 1.90 मीटर रह गया। लगातार हो रही बारिश को देखते हुए त्रिवेणी के गेज में बढ़ोत्तरी की संभावना है।
पानी की आवक लगातार जारी
बांध परियोजना के सहायक अभियंता मनीष बंसल ने बताया कि बांध का गेज शनिवार सुबह 6 बजे 304.87 आर एल मीटर था, जो रविवार दोपहर 2 बजे तक 83 सेमी की बढ़ोत्तरी के साथ 305.70 आर एल मीटर पर पहुंच गया। वहीं बांध में पानी की आवक लगातार जारी है। बांध क्षेत्र में बीते 24 घंटों के दौरान कुल 76 एमएम बारिश दर्ज की गई है। सीजन की अब तक कुल 242 एमएम बारिश दर्ज की जा चुकी है।
अभियंताओं के अनुसार केचमेंट एरिया के भीलवाड़ा, चित्तोडगढ़़ , अजमेर व टोंक जिले से गुजरती बनास ( Banas river ) , खारी, डाई, मेनाली, बेड़च व कोठारी नदियों का पानी बीसलपुर बांध ( Bisalpur Dam Tonk ) में आकर मिलता है। भीलवाड़ा जिले में हुई तेज बारिश के चलते कोठारी ( KoThari ) व मेनाली ( Menal ) नदी में रविवार को तेज बहाव से पानी की आवक जारी रही है।
बांध में सिर्फ करीबी क्षेत्र में हुई बारिश व पण्डेर पुलिया से आए पानी से ही बढ़ोत्तरी हो रही है। वहीं खारी व डाई नदियों के क्षेत्र में बारिश ( Mosnsoon 2019 Rajasthan ) का अभाव होने से अभी शांत है।