जयपुर

Rajasthan Politics : भाजपा नेता महेन्द्रजीत सिंह मालवीया के ​कांग्रेस वापसी पर झाबर सिंह खर्रा का बड़ा बयान, जानें क्या कहा

Rajasthan Politics : वागड़ के वरिष्ठ आदिवासी नेता महेन्द्रजीत सिंह मालवीया भाजपा छोड़कर फिर कांग्रेस में लौट रहे हैं। इस पर राजस्थान कैबिनेट के मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने मालवीया पर तंज कसते हुए कहा कि पुराने साथियों ने कुछ याद दिलाई होगी।
2 min read
Rajasthan BJP leader Mahendrajeet Singh Malviya return to Congress party Jhabar Singh Kharra big statement Know
भाजपा नेता महेन्द्रजीत सिंह मालवीया, कांग्रेस प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा। फोटो पत्रिका

Rajasthan Politics : राजस्थान में भाजपा को बड़ा झटका लगा। वागड़ के वरिष्ठ आदिवासी नेता महेन्द्रजीत सिंह मालवीया भाजपा छोड़कर फिर कांग्रेस में लौट रहे हैं। कांग्रेस से एक बार सांसद, चार बार विधायक और दो बार मंत्री रह चुके मालवीया ने करीब 23 माह पहले कांग्रेस पार्टी और विधायक पद छोड़ भाजपा का दामन थामा था।

रविवार को कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में कांग्रेस प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा, प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली से मुलाकात के बाद उन्होंने कांग्रेस में वापसी की घोषणा की। गोविंद सिंह डोटासरा ने भी पुष्टि करते हुए कहा कि मालवीया ने कांग्रेस छोड़ने को अपनी ऐतिहासिक भूल बताया है।

वहां जाकर ले सकते हैं आजादी की सांस

महेन्द्रजीत सिंह मालवीया के दोबारा कांग्रेस में जाने पर राजस्थान कैबिनेट के मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने बड़ा बयान दिया। मीडिया के सवाल का जवाब देते हुए झाबर सिंह खर्रा ने कहा यह उनका व्यक्तिगत मामला है। किसी को व्यक्तिगत टिप्पणी करने का अधिकार नहीं है। मालवीय के दम घुटने वाली बात पर उन्होंने कहा कि पहले मालवीय का कांग्रेस में दम घुट रहा था, तभी तो भाजपा में आए। अब हो सकता है कि यहां दम घुट रहा होगा। वापस कांग्रेस में जाकर आजादी की सांस ले लेंगे।

पुराने साथियों ने कुछ यादें दिलाई होगी

झाबर सिंह खर्रा ने आगे कहा कि उनको कुछ पुरानी यादें आई होगी। पुराने साथियों ने कुछ यादें दिलाई होगी, इसलिए वह अपने पुराने घर लौट गए होंगे। इसलिए इस पर कुछ ज्यादा टिप्पणी याद करने की आवश्यकता नहीं है। स्वायत शासन मंत्री झाबर सिंह खर्रा भीलवाड़ा में रविवार शाम को भील राजा भलराज की मूर्ति अनावरण कार्यक्रम आए थे।

आलाकमान लेगा अंतिम निर्णय

इससे पहले गोविंद सिंह डोटासरा ने मीडिया से बातचीत में बताया कि भाजपा में उनका दम घुट रहा है। अनुशासन समिति में चर्चा कर रिपोर्ट आलाकमान को भेजी जाएगी, अंतिम निर्णय वहीं से होगा।

जनता के नहीं हो पा रहे थे काम : मालवीया

महेन्द्रजीत सिंह मालवीया ने कहा कि भाजपा की सत्ता होने के बावजूद वे जनता के काम नहीं करा पा रहे थे। डबल इंजन सरकार के भरोसे वे भाजपा में गए थे, लेकिन वहां अनुकूलता नहीं बन सकी। कार्यकर्ताओं और अपने मन से विचार कर उन्होंने कांग्रेस में लौटने का फैसला किया।

राजस्थान से जुड़ी हर ताज़ा खबर, सीधे आपके WhatsApp पर
जुड़ें अभी
: https://bit.ly/4bg81fl

Updated on:
12 Jan 2026 10:57 am
Published on:
12 Jan 2026 10:57 am