जयपुर

राजस्थान में उपचुनाव: मामूली विवाद को छोड़ शांतिपूर्ण रहा मतदान, जानें कहां कितनी हुई वोटिंग

Rajasthan by election 2018: राजस्थान की दो लोकसभा और एक विधानसभा के लिए सोमवार को वोट डाले गए।

2 min read
Jan 29, 2018
Rajasthan by election 2018
rajasthan by election 2018

जयपुर। राज्य में लोकसभा की दो और विधानसभा की एक सीट के लिए सोमवार को मतदान हुआ। छुटपुट घटनाओं को छोड़ मतदान शांतिपूर्ण रहा। मतदान में शहरी क्षेत्रों में उत्साह कम नजर आया, वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में मतदान का प्रतिशत अच्छा रहा।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी अश्विनी भगत ने बताया कि उप चुनाव में अंतिम रूप से प्राप्त सूचना के अनुसार शाम 6 बजे तक अजमेर में 65.20, अलवर में 61.86 और मांडलगढ़ विधानसभा में लगभग 78.78 प्रतिशत मतदान हुआ।

सभी निर्वाचन क्षेत्रों में 4 हजार से ज्यादा मतदान केन्द्र बनाए गए थे, जिन पर सोमवार को प्रात: 8 बजे से ही मतदान प्रारंभ हो गया था। शुरूआत में मतदान की गति जरूर थोड़ी धीमी रही लेकिन ज्यों-ज्यों धूप खिलती गई, मतदान भी बढ़ता चला गया। मतदान के साथ ही तीनों सीटों पर 42 उम्मीदवारों का भाग्य मतपेटियों मेें बंद हो गया। इन सभी सीटों के लिए मतगणना 1 फरवरी को की जाएगी और 3 फरवरी तक निर्वाचन की सभी प्रक्रिया पूरी हो जाएगी।

निर्वाचन विभाग को मिली 150 के करीब शिकायतें
निर्वाचन विभाग को चुनावों के दौरान करीब 150 शिकायतें मिली हैं। इनमें कहीं मतदान देरी से शुरू होने की, मशीन खराब होने की, भाजपा-कांग्रेस की ओर से की गई शिकायतें शामिल है। पोलिंग पार्टी की ओर से सारी जानकारी मिलने के बाद यदि जरूरी हुआ तो बुधवार को पुनर्मतदान करवाया जाएगा।

मुख्य चुनाव से कम रहा मतदान
अजमेर संसदीय सीट पर 2014 में हुए लोकसभा चुनाव में 68.65 प्रतिशत, अलवर में 65.50 प्रतिशत और 2013 में हुए विधानसभा चुनाव में मांडलगढ़ में 82 प्रतिशत मतदान हुआ था।

निर्वाचन विभाग ने दी हर घंटे की जानकारी
निर्वाचन विभाग की वेबसाइट पर पल-पल की जानकारी उपलब्ध हो रही थी। वेबसाइट पर तीनों जगह की मतदान की जानकारी हर पल अपडेट हो रही थी। प्रत्येक घंटे की सूचना वेबसाइट पर उपलब्ध थी। पहली बार निर्वाचन विभाग ने इस तरह का प्रयोग किया।

दो गांवों में मतदान का बहिष्कार
अलवर लोकसभा के मुंडावर विधानसभा क्षेत्र के गांव लामचपुर और अजमेर लोकसभा क्षेत्र के गांव मंडा में ग्रामीणों ने मतदान का बहिष्कार किया।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं से भिड़े देवनानी
अजमेर लोकसभा उपचुनाव के दौरान संत रामदास स्कूल के पास कांग्रेस कार्यकर्ता और शिक्षा राज्यमंत्री वासुदेव देवनानी के बीच विवाद हो गया। विवाद मीडिया को बाइट देने के दौरान हुआ। हालांकि पुलिस ने बीच-बचाव कर मामला शांत करवा दिया।

अपनी-अपनी जीत के दाव़े
अजमेर लोकसभा उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी डॉ. रघु शर्मा ने अपने पैतृक गांव सावर में परिवार सहित मतदान किया। मतदान के बाद उन्होंने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कांग्रेस आठों विधानसभा क्षेत्र में बढ़त बनाएगी और भारी बहुमत से चुनाव जीतेगी। वहीं अजमेर लोकसभा क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशी रामस्वरूप लांबा ने गोपालपुरा में मतदान किया और भाजपा की जीत का दावा किया।

विधायक ने उड़ाया कानून का मजाक

विधायक सुरेश रावत ने कानून का मजाक उड़ाया। उन्होंने मुहामी स्थित मतदान केंद्र में अंदर जाकर वीडियो बनाया और वायरल कर दिया। निर्वाचन विभाग भी इसे मूक दर्शक की तरह देखता रहा।

ईवीएम गड़बड़ा रहीं चुनाव में

ईवीएम मशीन की गड़बडिय़ां बनी हुई है। अजमेर उत्तर, अजमेर दक्षिण, मसूदा, पीसांगन, सावर, किशनगढ़, केकड़ी, नसीराबाद सहित सभी शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में ईवीएम मशीनों में तकनीकी खराबी हुई है। इसके चलते कहीं आधा घंटे तो कहीं एक घंटे मतदान प्रभावित रहा। ईवीएम बिगडऩे से अधिकारियों के हाथ-पैर फूले हुए हैं। हालांकि मतदान केंद्रों पर कतारें लगी हुई हैं।

Updated on:
29 Jan 2018 08:13 pm
Published on:
29 Jan 2018 07:19 pm