जयपुर

राजस्थान निकाय चुनाव के बीच BJP का बड़ा एक्शन, जयपुर के 26 समेत 41 बागी निष्कासित; जानें वजह

Rajasthan Nikay Chunav: राजस्थान निकाय चुनाव में पार्टी के अधिकृत प्रत्याशियों के खिलाफ चुनाव लड़ने और निर्दलीय उम्मीदवारों के पक्ष में प्रचार करने वालों पर बीजेपी ने बड़ी कार्रवाई की है। बीजेपी ने जयपुर के 26 समेत पूरे प्रदेश से 41 नेताओं और कार्यकर्ताओं को प्राथमिक सदस्यता से छह साल के लिए निष्कासित कर दिया है।
2 min read
Sep 08, 2026
rajasthan civic polls
Rajasthan Nagar Nikay Chunav 2026 (Patrika File Photo)

Rajasthan Nagar Nikay Chunav: राजस्थान में चुनावी घमासान के बीच भारतीय जनता पार्टी ने संगठन में अनुशासन बनाए रखने के लिए कड़ी कार्रवाई की है। पार्टी के अधिकृत प्रत्याशियों के खिलाफ निर्दलीय चुनाव लड़ने, बागियों का समर्थन करने या अपने परिजनों को चुनावी मैदान में उतारने वाले 41 पदाधिकारियों को प्राथमिक सदस्यता से 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया गया है।

इस कड़ी कार्रवाई का सबसे बड़ा असर राजधानी जयपुर में देखने को मिला है, जहां अकेले 26 नेताओं और कार्यकर्ताओं पर गाज गिरी है। पार्टी का स्पष्ट मानना है कि अधिकृत प्रत्याशियों के खिलाफ काम करना संगठन विरोधी गतिविधि और घोर अनुशासनहीनता है।

जयपुर से निष्कासित प्रमुख नेताओं की सूची

निष्कासित किए गए 26 जयपुर कार्यकर्ताओं में मोहनलाल कुमावत, छीतरमल शर्मा, नेमीचंद सैन, हरिशंकर बोहरा, दिनेश कांवट, चंदा कुमावत, कमलेश तिवारी, बनवारी सैनी, महर्षि शर्मा, पंकज गोयल, राजेश सालोदिया, नारायण सोनी, समा राठौड़, राजू अग्रवाल, जय वशिष्ठ, शंकर शर्मा, शंकर शर्मा (पूर्व पार्षद की पत्नी), रमेश चंद्र सैनी, स्वाति परनामी, मुकेश किराड़, बीना मेठी, नरेश शर्मा, विश् म सिंह तंवर, शिव सोनी, बरखा सैनी और अविनाश सैनी (पूर्व अध्यक्ष किसान मोर्चा) के नाम शामिल हैं।

राजसमंद में चुनावी घमासान

राजसमंद जिले के वार्ड 22 में आम आदमी पार्टी (AAP) से निष्कासित अमित वर्मा का मामला सुर्खियों में बना हुआ है। पार्टी विरोधी गतिविधियों के कारण AAP द्वारा 6 साल के लिए निष्कासित किए जाने के बाद अमित वर्मा के परस्पर विरोधी वीडियो सामने आ रहे हैं। एक वीडियो में वे भाजपा को समर्थन देने की बात कह रहे हैं, तो वहीं दूसरे वीडियो में उन्होंने दबाव में आकर बयान देने का आरोप लगाया है। इस बीच उनकी पत्नी ने भी AAP पर कई गंभीर आरोप लगाया, जिससे विवाद और गहरा गया है।

दूसरी ओर, राजसमंद के धोइंदा वार्ड 9 में समीकरण बदलते दिख रहे हैं। यहां निर्दलीय उम्मीदवार भरत कुमार ने भाजपा प्रत्याशी चंपालाल कुमावत को अपना खुला समर्थन देने का एलान किया है, जिससे स्थानीय स्तर पर चुनावी मुकाबला दिलचस्प हो गया है।

‘सूखा दिवस’ घोषित

राजस्थान में नगर निकाय चुनाव 2026 को लेकर सियासी सरगर्मी चरम पर है। प्रदेश के कुल 309 निकायों में आगामी 9 और 11 सितंबर को दो चरणों में मतदान होगा। निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने मतदान से पहले 48 घंटे की अवधि में ‘सूखा दिवस’ घोषित किया है।

बता दें कि पहले चरण के तहत 7 सितंबर शाम 6 बजे से 9 सितंबर शाम 6 बजे तक और दूसरे चरण के लिए 9 सितंबर शाम 6 बजे से 11 सितंबर शाम 6 बजे तक शराब की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। इसके अतिरिक्त मतगणना के दिन 14 सितंबर को भी प्रदेश में सूखा दिवस प्रभावी रहेगा।