जयपुर

Rajasthan CM Oath Ceremony: अल्बर्ट हॉल के सामने कल मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे भजनलाल शर्मा, पीएम मोदी भी होंगे समारोह में शामिल

Rajasthan CM Oath Ceremony: भाजपा विधायक दल के नेता चुने गए भजनलाल शर्मा शुक्रवार सुबह मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। राज्यपाल कलराज मिश्र शर्मा को शपथ दिलवाएंगे। शर्मा के अलावा दिया कुमारी और प्रेम चंद बैरवा को मंत्रीपद की शपथ दिलवाई जाएगी।

2 min read
Dec 14, 2023

Rajasthan CM Oath Ceremony: भाजपा विधायक दल के नेता चुने गए भजनलाल शर्मा शुक्रवार सुबह मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। राज्यपाल कलराज मिश्र शर्मा को शपथ दिलवाएंगे। शर्मा के अलावा दिया कुमारी और प्रेम चंद बैरवा को मंत्रीपद की शपथ दिलवाई जाएगी। इसके बाद दोनों को उपमुख्यमंत्री नामित करने की घोषणा होगी। राज्यपाल ने तीनों को शपथ लेने के लिए आमंत्रित कर लिया है। समारोह शुक्रवार सुबह 11.15 बजे अल्बर्ट हॉल के सामने रामनिवास बाग में होगा। शपथ ग्रहण को भव्य बनाने के लिए भाजपा ने तैयारियां शुरू कर दी है।

शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा, कई राज्यों के मुख्यमंत्री सहित अन्य बड़े नेता शामिल होंगे। सूत्रों के अनुसार काफी विचार विमर्श के बाद यह तय किया गया है कि फिलहाल तीन नेताओं की ही शपथ होगी। इसके बाद कुछ दिनों के अंतराल में मंत्रिमंडल का शपथ ग्रहण समारोह अलग से होगा। इस मंत्रिमंडल में बारह से पन्द्रह विधायकों को शामिल किया जा सकता है। हालांकि, यह मंत्रिमंडल शपथ ग्रहण मलमास में होगा या जनवरी में इसे लेकर स्थिति साफ नहीं है।

दिनभर चलीं बैठकें
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सी पी जोशी, पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़, भाजपा के संगठन महामंत्री चन्द्रशेखर सहित अन्य नेताओं ने अल्बर्ट हॉल के आगे समारोह स्थल का जायजा भी लिया। दिन में समारोह को लेकर भाजपा नेताओं की एक उच्च स्तरीय बैठक भी हुई। इसके बाद भजनलाल शर्मा के साथ मुख्य सचिव, डीजीपी सहित अन्य अधिकारियों की बैठक हुई।

विधानसभा सत्र की तैयारियां भी शुरू
विधानसभा ने सत्र की तैयारियां भी शुरू कर दी हैं। यह 16 वीं विधानसभा कहलाएगी। पहले सत्र में विधायकों की शपथ होगी, नए विधानसभा अध्यक्ष का निर्वाचन होगा। विधानसभा का यह सत्र पांच से सात दिन चल सकता है। जनवरी के बाद फरवरी में भी सत्र बुलाया जाएगा। इसी सत्र के दौरान अंतरिम बजट भी पेश किया जा सकता है।

Updated on:
14 Dec 2023 07:51 am
Published on:
14 Dec 2023 07:42 am
Also Read
View All