जयपुर

Rajasthan Congress: राजस्थान कांग्रेस के 4 नए जिलाध्यक्ष घोषित, सुनील शर्मा को जयपुर शहर की कमान, यहां देखें लिस्ट

राजस्थान कांग्रेस संगठन के बहुप्रतीक्षित विस्तार को लगभग अंतिम रूप देते हुए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआइसीसी) ने गुरुवार देर रात चार और जिलों में जिलाध्यक्षों की नियुक्ति कर दी।

2 min read
Jan 30, 2026
कांग्रेस। (पत्रिका फाइल फोटो)

जयपुर। राजस्थान कांग्रेस संगठन के बहुप्रतीक्षित विस्तार को लगभग अंतिम रूप देते हुए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआइसीसी) ने गुरुवार देर रात चार और जिलों में जिलाध्यक्षों की नियुक्ति कर दी। इसके साथ ही 50 जिलों में से 49 जिलों में अध्यक्ष तय हो गए हैं। अब केवल राजसमंद जिले में नियुक्ति शेष रह गई है।

सूत्रों के अनुसार, संगठन विस्तार और आगामी राजनीतिक रणनीति को लेकर गुरुवार को ही दिल्ली में प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं की अहम बैठक हुई थी। बैठक के तुरंत बाद रात में जिलाध्यक्षों की सूची जारी कर दी गई। इस सूची में जयपुर शहर जिलाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सुनील शर्मा को सौंपी गई है। वहीं प्रतापगढ़ में दिग्विजय सिंह पुरावत, झालावाड़ में वीरेंद्र सिंह गुर्जर और बारां में हंसराज मीना को जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।

ये भी पढ़ें

Khatu Shyam Falgun Mela Rajasthan: बाबा खाटू श्यामजी फाल्गुनी लक्खी मेले के लिए 68 ट्रेनों का संचालन, हर 20 मिनट में मिलेगी ट्रेन

प्रदेश में 45 जिलों में पहले ही नियुक्तियां हो चुकी थीं, जहां जिला कार्यकारिणी के गठन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। नई नियुक्तियों के साथ संगठनात्मक गतिविधियों में तेजी आने की संभावना है।

जयपुर शहर में सुनील शर्मा पर मुहर

जयपुर शहर जिलाध्यक्ष पद को लेकर सबसे अधिक चर्चा रही। इस पद के लिए रायशुमारी में करीब 50 दावेदार सामने आए थे। हालांकि, अंतिम दौर में पार्टी नेतृत्व की पसंद के तौर पर सुनील शर्मा और पुष्पेंद्र भारद्वाज के नाम सबसे ऊपर बताए जा रहे थे। अंततः नेतृत्व ने सुनील शर्मा के नाम पर सहमति जताई।

सुनील शर्मा को पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा सहित कुछ वरिष्ठ नेताओं का करीबी माना जाता है। उन्हें हाल के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस का उम्मीदवार भी बनाया गया था, हालांकि एक बयान को लेकर हुए विवाद के बाद टिकट बदलकर पूर्व मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास को उम्मीदवार बनाया गया था।

बारां-झालावाड़ में स्थानीय समीकरण हावी

सूत्रों के मुताबिक बारां और झालावाड़ जिलों में की गई नियुक्तियों में स्थानीय राजनीतिक समीकरणों की अहम भूमिका रही। बताया जा रहा है कि दोनों जिलों के अध्यक्ष हाल ही में अंता विधानसभा उपचुनाव जीतने वाले पूर्व मंत्री प्रमोद जैन भाया की पसंद माने जा रहे हैं।

राजसमंद में अभी सस्पेंस

उधर, राजसमंद जिले में जिलाध्यक्ष की घोषणा अभी रोकी गई है। पार्टी सूत्रों का कहना है कि पूर्व विधानसभा अध्यक्ष सी.पी. जोशी सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं की पसंद को लेकर मतभेद और विवाद की स्थिति बनी हुई है, जिसके चलते अंतिम फैसला फिलहाल टाल दिया गया है।

ये भी पढ़ें

Rajasthan: डीपफेक वीडियो मामले पर फिर मचा घमासान, कलक्टर टीना डाबी ने आरोपी दिनेश मांजू से सम्मान वापस लिया

Also Read
View All

अगली खबर