
जयपुर।
Rajasthan Vidhansabha Election 2018 को लेकर कांग्रेस स्क्रीनिंग कमेटी की लगातार हो रही बैठकों में सभी 200 सीटों पर नाम फाइनल करने के बाद सभी को आज आयोजित होने वाली सेंट्रल इलेक्शन कमेटी की बैठक का इंतजार है। दावेदारों के नामों पर मुहर लगाने के लिए आज सेंट्रल इलेक्शन कमेटी की बैठक सुबह 11 बजे सोनिया गांधी के निवास स्थान 10 जनपथ में आयोजित होने जा रही है।
बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, सीइसी के मेंबर पूर्व पीएम मनमोहन सिंह, कांग्रेस नेता अंबिका सोनी, मोहसिना किदवई, मुकुल वासनिक, स्क्रीनिंग कमेटी की चेयरमैन कुमारी शैलजा, अशोक गहलोत, सचिन पायलट, प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडे, नेता प्रतिपक्ष रामेश्वर डूडी मौजूद रहेंगे।
मिली जानकारी के अनुसार आज दावेदारों पर सीइसी की मुहर लगने के बाद रात प्रत्याशियों की पहली सूची बाहर आ जाएगी। जानकारों की माने तो कांग्रेस की पहली सूची में 120 से ज्यादा प्रत्याशियों की घोषणा हो सकती है। 80 प्रत्याशियों की घोषणा 14 या 15 नवंबर को आ सकती है।
कांग्रेस स्क्रीनिंग कमेटी की चेयरमैन कुमारी शैलजा ने भी इसके संकेत दिए थे। दावेदारों पर ली गहलोत की राय इससे पहले रविवार को हुई स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री अशोक गहलोत से सभी 200 सीटों पर दावेदारों के बारे में राय ली गई थी।
दरअसल, शुक्रवार और शनिवार को हुई कांग्रेस स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक में गहलोत तेलंगाना दौरे के चलते शामिल नहीं हो पाए थे, ऐसे में रविवार को गहलोत के लिए कांग्रेस स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक रखी गई थी, जहां उनसे सभी 200 सीटों के दावेदारों पर राय मशवरा किया गया था। आम सहमति से तय हुए नाम वहीं दूसरी ओर पीसीसी चीफ सचिन पायलट ने भी दिल्ली में साफ संकेत दिए थे कि सभी 200 सीटों पर दावेदारों की लिस्ट ऐसे तैयार की गई है जिस पर कांग्रेस के किसी नेता को आपत्ति नहीं होगी। सब एकजुट होकर प्रत्याशियों के समर्थन में मतदान कराने के लिए जुट जाएंगे।