
राजस्थान का रण : मोदी और शाह की मौजूदगी में भाजपा ने वागड़ के तीन विधायकों के टिकट काटे, नए चेहरों पर खेला दांव
बांसवाड़ा. विधानसभा के चुनावी रण में भारतीय जनता पार्टी ने रविवार देर रात अपने प्रत्याशियों की घोषणा कर दी। बांसवाड़ा जिले की पांच में से बागीदौरा, कुशलगढ़ और घाटोल विधानसभा क्षेत्र से प्रत्याशी घोषित किए गए। घोषित प्रत्याशियों में एक नया चेहरा है वहीं दो सीटों पर पुराने प्रत्याशियों पर ही दांव खेला है। डूंगरपुर जिले की सभी चार सीटों के लिए प्रत्याशी घोषित कर दिए गए हैं। वहां दो विधायकों के टिकट कटे हैं और दो नए चेहरों पर दांव खेला गया है। बांसवाड़ा की पांच में से गढ़ी और बांसवाड़ा विधानसभा सीट से प्रत्याशियों की घोषणा अभी नहीं हुई है। घाटोल में विधायक नवनीतलाल निनामा को इस बार टिकट नहीं दिया गया है और उनकी जगह अपेक्षाकृत युवा हरेन्द्र निनामा को टिकट मिला है।
कुशलगढ़ से भीमा भाई पर भाजपा ने फिर भरोसा जताया है तो बागीदौरा में भी खेमराज गरासिया को फिर से टिकट दिया है। दावेदारों की दृष्टि से सबसे कशमकश वाली बांसवाड़ा विधानसभा सीट से दो प्रमुख दावेदार धनसिंह रावत और मुकेश रावत हैं, लेकिन भाजपा अभी यहां प्रत्याशी का नाम तय नहीं कर पाई है। गढ़ी सीट पर विधायक जीतमल खांट और धर्मेन्द्र राठौड़ की दावेदारी है और इसका भी अभी निर्णय नहीं हो पाया है। डूंगरपुर जिले की सभी चार सीटों के प्रत्याशी घोषित कर दिए गए हैं। डूंगरपुर सीट से देवेन्द्र कटारा और सागवाड़ा सीट से अनिता कटारा का टिकट काटा है। डूंगरपुर सीट से जिला प्रमुख माधवलाल वरहात को और सागवाड़ा से शंकरलाल डामोर पर नए चेहरे के रूप में दांव खेला है। आसपुर से गोपीचंद मीणा और चौरासी से सुशील कटारा को फिर मैदान में उतारा है।
घोषणा का इंतजार
सूची को लेकर दिनभर इंतजार और चर्चाओं के दौर के बाद रात करीब ग्यारह बजे भाजपा ने अपनी पहली सूची जारी की और इसके साथ ही राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की गतिविधियां चरम पर पहुंच गई। पार्टी भाजपा कार्यालय पर कार्यकर्ताओं टिकट की घोषणा का इंतजार करते रहे, लेकिन बांसवाड़ा सीट पर प्रत्याशी की घोषणा नहीं होने से वे मायूस हो गए।
Published on:
12 Nov 2018 11:39 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
