
Rajasthan Elections 2018
बीकानेर. भाजपा ने रविवार रात जिले के सात विधानसभा क्षेत्रों में से चार पर महिला और युवा चेहरों को प्रत्याशी घोषित कर कांग्रेस को चुनावी रण में कड़ी चुनौती दे डाली। इसके बाद सातों सीटों पर टिकट तय करने के लिए कांग्रेस नेताओं ने नए सिरे से विचार करना शुरू कर दिया। देर रात भाजपा की टिकट घोषणा के बाद लूणकरनसर से प्रत्याशी बने सुमित गोदारा के पंचशती सर्किल के पास स्थित निवास पर समर्थक बधाई देने पहुंचे।
इधर, देवी सिंह भाटी के जस्सूसर गेट क्षेत्र स्थित आवास के बाहर भी भाटी समर्थक जुट गए। देवी सिंह भाटी की पुत्रवधु और पूर्व सांसद महेन्द्र सिंह की पत्नी पूनम कंवर को भाजपा ने कोलायत से प्रत्याशी बनाया है। इससे समर्थक उत्साहित नजर आए। सिद्धि कुमारी की टिकट पहले से लगभग तय मानी जा रही थी। भाजपा ने बीकानेर पूर्व से तीसरी बार सिद्धि कुमारी को चुनाव लडऩे का मौका दिया है।
कांग्रेस के लिए कड़ी चुनौती
कोलायत विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस के भंवरसिंह भाटी का चुनाव मैदान में उतारा जाना लगभग तय माना जा रहा है। यहां भंवरसिंह के सामने भाजपा ने पुराने दिग्गज देवीसिंह भाटी को उतारने की बजाए भाटी की पुत्रवधु पूनम कंवर को टिकट देकर कांग्रेस को कड़ी चुनौती दे डाली है। बीकानेर पूर्व में कांग्रेस पहले से मजबूत दावेदार की तलाश कर रही थी। अब महिला और युवा सिद्धि कुमारी को भाजपा ने टिकट देकर जातिगत समीकरण साधने के साथ कांग्रेस के लिए मुश्किल और ज्यादा पैदा कर दी है।
खाजूवाला में विश्वनाथ पर जताया भरोसा
खाजूवाला विधानसभा क्षेत्र में भाजपा ने विधायक और संसदीय सचिव डॉ. विश्वनाथ मेघवाल पर फिर भरोसा जताते हुए चुनाव मैदान में उतारा है। यहां से विश्वनाथ मेघवाल की पत्नी विमला डूकवाल और केन्द्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल के पुत्र रवि शेखर को टिकट देने पर भी विचार चल रहा था। कांग्रेस पूर्व संसदीय सचिव गोविन्द राम मेघवाल सहित कई नामों पर टिकट के लिए विचार कर रही है।
पश्चिम और श्रीडूंगरगढ़ अभी नहीं
बीकानेर पश्चिम विधानसभा से भाजपा के उम्रदराज नेता और मौजूदा विधायक गोपाल जोशी फिर टिकट मांग रहे है। उधर, श्रीडूंगरगढ़ में भी भाजपा के विधायक किसनाराम नाई ८० पार के नेताओं वाली सूची में जा चुके है। दोनों ही सीटों पर भाजपा ने प्रत्याशी घोषित नहीं किए है। यहां कांग्रेस की टिकट घोषणा के बाद ही भाजपा प्रत्याशी घोषित करेगी, एेसा माना जा रहा है। नोखा विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस की ओर से रामेश्वर डूडी को प्रत्याशी बनाना लगभग तय है लेकिन भाजपा के बिहारी बिश्नोई भाजपा से दावेदारी कर रहे है। भाजपा ने यहां भी अपने पत्ते नहीं खोलकर अभी विकल्प पर इंतजार करने का संकेत दिया है।
लूणकरनसर में पुराने चेहरे पर दाव
भाजपा टिकट पर पिछले विधानसभा चुनाव में लूणकरनसर से चुनाव लड़कर दूसरे नम्बर पर रहे सुमित गोदारा को पार्टी ने फिर एक बार मौका दिया है। वे चुनाव हारने के बाद क्षेत्र में सक्रिय भी रहे थे। यहां जातिगत समीकरण भी उनके पक्ष में थे। कांग्रेस के पूर्व मंत्री वीरेन्द्र बेनीवाल टिकट के मजबूत दावेदार माने जा रहे है।
Published on:
12 Nov 2018 11:29 am
बड़ी खबरें
View Allबीकानेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
