
फोटो: पत्रिका
Wedding Guests Bus Overturned: बांसवाड़ा जिले के बारीगामा-घोटीया आंबा मार्ग पर शुक्रवार शाम छह बजे बारात की बस घोटीया आंबा तालाब के पास पलट गई। हादसा इतना भयानक था कि तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और 30 से अधिक लोग घायल हो गए। सूचना लगते ही आसपास के ग्रामीण मदद को दौड़ पड़े। जेसीबी की सहायता से बस को सीधा कर निजी वाहनों व एम्बुलेंस से मरीजों को एमजी अस्पताल पहुंचाया। मृतक कमला देवी पत्नी हकरू, टीटा पुत्र जोखा डोडियार, दलू पुत्र भूरा दामा निवासी संदलाई बडी है।
जानकारी के अनुसार दूल्हा चिमन पुत्र वारजी निवासी संदलाई बड़ी (टांडा मंगला) बारात लेकर खेडा वडलीपाड़ा गांव गया था। विवाह समारोह संपन्न होने के बाद बारात की दो बसें लौट रही थी। घोटिया आंबा के पास ढलान में एक बस आगे निकल गई और दूसरी बस ढलान उतर रही थी।
अचानक तालाब के समीप बस का संतुलन बिगड़ गया और बस पलटती हुई खाई में जा गिरी। बस के गेट के पास खड़े एक युवक का गला फाटक में फंस गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। एक अन्य पुरुष और एक महिला ने भी दम तोड़ दिया।
हादसे की सूचना पर बड़ोदिया चौकी पुलिस, समाजसेवी और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। पास स्थित क्रेशर प्लांट से जेसीबी मंगवाकर बस को सीधा किया गया और नीचे दबे शवों को बाहर निकाला। घायलों को निजी वाहनों और एम्बुलेंस से बड़ोदिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। घायलों की संख्या अधिक होने से एम्बुलेंस को कई बार घटनास्थल के चक्कर लगाने पड़े तो कई को प्राइवेट वाहनों से पहुंचाया।
प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर घायलों को बांसवाड़ा के एमजी अस्पताल रेफर किया गया। घायलों का हाल जानने बागीदौरा विधायक जयकृष्ण पटेल, विधायक अर्जुन बामणिया, जिला कलक्टर डॉ. इन्द्रजीत यादव और पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी अस्पताल पहुंचे और उपचार व्यवस्था के निर्देश दिए।
आनंदी (5) पुत्री रमेश गरासिया (चंदलाई सज्जनगढ़), मयुरी (46) पत्नी तोलसिंह गरासिया (चंदलई), महुडी (60) पत्नी दुबला वडलिया (तांबेसरा), सुशीला (30) पत्नी (लोहारिया), हलमा (50) पत्नी थावरा गरासिया (चंदलई बड़ी), सामा (60) पत्नी चुनिया डोडियार (बिजलपुर), लवजी (55) पुत्र वजिया वडलिया (बिलड़ी), दोला (60) पुत्र रतना गरासिया (चंदलई), संता (50) सहित अन्य।
बस पलटने की घटना में जहां कई बाराती घायल हुए। वहीं दूल्हे के दो नजदीकी रिश्तेदारों की मौत हो गई। इनमें कमला (60) पत्नी हकरू, लक्ष्मी (45) पत्नी भरत रिश्ते में दूल्हे की दादी लगती है।
बारीगामा-घोटीया आंबा मार्ग पर बारात की बस पलटने की घटना में जहां सभी यात्री घायल हुए। वहीं घटना के बाद चालक कहीं नजर नहीं आया। चालक शाहरूख खान घटना के बाद से फरार है। अंदेशा है कि बस पलटने से पहले ही चालक चलती बस से कूद गया था।
घायलों को उठाने वाले कलसिंह मकवाना ने बताया कि घटना के बाद 108 पर सूचना दी गई, लेकिन काफी देर तक एंबुलेंस नहीं आई। इसके बाद ग्रामीणों ने खुद अपने वाहनों से घायलों को बड़ोदिया अस्पताल पहुंचाया। इसके बाद अस्पताल में सूचना देने के करीब 25 मिनट बाद एंबुलेंस यहां पहुंची और घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया।
Published on:
07 Feb 2026 10:29 am
बड़ी खबरें
View Allबांसवाड़ा
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
