
जयपुर। अलवर पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। मोदी ने वसुंधरा और कांग्रेस सरकार के पिछले कार्यकाल की तुलना करते हुए कहा कि कांग्रेस के पचास साल का काम वसुंधरा सरकार ने पांच साल में किया है। राजे सरकार के किए कामों को यदि कांग्रेस करे, तो उसे 75 साल लगेंगे। वसुंधरा सरकार ने 25 किलोमीटर प्रतिदिन सड़कें बनाई हैं। उज्ज्वला योजना से महिलाओं को फायदा मिला है।
कांग्रेस पर प्रहार करते हुए मोदी ने कहा कि जातिवाद के जहर में डूबी कांग्रेस को बाबा साहब को भारत रत्न देना याद नहीं आया। अंबेडकर को पराजित करने के लिए कांग्रेस के दिग्गजों ने खेल रचे। एक परिवार के चार लोगों को भारत रत्न और बाबा साहब दीवारों पर चिपका दिए गए। बिना नाम लेते हुए मोदी ने कहा कि नामदारों को चुनौती दो, तो ये उनके पीछे पड़ जाते हैं।
कांग्रेस के पास पार्टी में चल रही जंग का जवाब देने का तर्क नहीं
प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के पास पार्टी के भीतर चल रही भीषण जंग का जवाब देने के लिए कोई तर्क नहीं, इसलिए जातिवाद को मुद्दा बना लिया। राजस्थान की भलाई के लिए कांग्रेस के पास कोई विजन नहीं है। जातिवाद का जहर कांग्रेस पार्टी अब भी नहीं छोड़ पा रही। जब भी कांग्रेस का मूल स्वभाव प्रकट होता है, तो उनके व्यवहार और वाणी में जातिवाद झलकता है। शोषित, वंचित गरीब के प्रति कांग्रेस की रगों में नफरत है।