
जयपुर। टिकट नहीं मिलने के बाद बगावत कर निर्दलीय के रूप में या दलबदल करमैदान में उतरे बागियों को समझाने का काम मंगलवार को जोरों पर रहा। Rajasthan election 2018 कांग्रेस और भाजपा नेतृत्व सबसे पहले उन बागियों पर ध्यान केंद्रित कर रहा है, जो निर्दलीय रूप में पर्चा दाखिल कर चुके हैं। दूसरे नंबर पर उन नेताओं से संपर्क साधने की कोशिशें की जा रही है भारत वाहिनी, राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के टिकट पर मैदान में आए हैं। तीसरे नंबर पर कांग्रेस, भाजपा, बसपा, आप आदि के टिकट पर मैदान में कूदे बागियों को समझाने की कोशिश की जा रही है। दोनों ही पार्टियों का मानना है कि पहली श्रेणी के नाराज नेताओं को मनाने के प्रयासों के सफल होने की संभावना 75 प्रतिशत तक है जबकि दूसी व तीसरी श्रेणी में 50 और 25 प्रतिशत ही है।
रूठे बागियों को मनाने के लिए 14 केन्द्रीय नेताओं ने राजस्थान में डेरा डाल रखा है, बुधवार और गुरुवार को बागियों पर फोकस रहेगा। नेताओं को अलग-अलग संभागों की जिम्मेदारी दी गई है। करीब 100 बागी कांग्रेस में सामने आए हैं।
कांग्रेस पहले टिकट वितरण को लेकर जूझती रही और अब बड़ी संख्या में चुनाव मैदान में उतरे बागी सिरदर्द बन गए हैं। इन बागियों से निपटने को लेकर आलाकमान ने 14 केन्द्रीय नेताओं की टीम को मैदान में उतारा है। सभी नेताओं को संभागवार जिम्मेदारी सौंपी गई है। ये नेता बागियों को बिठाने के प्रयासों में जुट गए हैं। यह मान मनुहार का दौर बुधवार और गुरुवार को चलेगा। ऐसे में अगले दो दिन पार्टी का प्रचार से ज्यादा फोकस बागियों पर ही रहेगा। इस काम में केन्द्रीय नेताओं के साथ प्रदेश के बड़े नेता भी जुट गए हैं। सूत्रों के मुताबिक कई बागियों से इन नेताओं की वार्ता हो गई है, जिनमें से कुछ ने बैठने को लेकर सहमति भी दे दी है। हालांकि पार्टी अभी इनके नाम नहीं बता रही।