
जयपुर.
राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) ने 11 उम्मीदवारों की पहली सूची शुक्रवार रात को जारी की। इसमें पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक हनुमान बेनीवाल समेत दो प्रमुख पूर्व विधायकों के नाम हैं। ऐसे में आरएलपी कुछ सीटों पर कांग्रेस-भाजपा के समीकरण बिगाड़ सकती है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मधराम भाकल ने बताया कि खींवसर से हनुमान बेनीवाल, कोटपुतली से पूर्व विधायक रामस्वरूप कसाना, सिवाना से सताराम देवासी, बायतू से उम्मेदराम, शिव से उदाराम मेघवाल, चौहटन से सूरताराम मेघवाल, पीलीबंगा से नेहा मेघवाल, करौली से कुलदीप पाल सिंह जादौन, चौमू से छुटन यादव, नवलगढ़ से पूर्व विधायक प्रतिभा सिंह और तिजारा से लक्ष्मी मेघवाल को उम्मीदवार बनाया है।
इस सूची में शामिल कसाना कोटपुतली से 2008 में विधायक चुने जा चुके हैं। उस दौरान वह अशोक गहलोत की सरकार में संसदीय सचिव भी रहे थे। पिछले चुनाव में वह निर्दलीय चुनाव लड़े थे और साढ़े 17 हजार वोट लेकर तीसरे स्थान पर रहे थे। वहीं प्रतिभा सिंह भी नवलगढ़ से विधायक रह चुकी है। वह पिछला चुनाव कांग्रेस के टिकट पर लड़ी थी और उन्हें 42 हजार से अधिक वोट मिले थे। इसके अलावा करौली से उम्मीदवार बनाए गए जादौन वहां के पूर्व राजपरिवार के हैं। पीलीबंगा से नेहा मेघवाल ने पिछला चुनाव जमींदारा पार्टी से लड़ा था और करीब 22 हजार से अधिक वोट हासिल किए थे। ऐसे में पहली सूची में यह चार नाम चुनावों में उलटफेर करने वाले साबित हो सकते हैं।