जयपुर

Liquor Seizure: राजस्थान में अवैध मदिरा के खिलाफ हल्ला बोल, 2.48 लाख लीटर वाॅश नष्ट

Crime Action: अभियान के दौरान 37 वाहनों को जब्त किया गया है, जिनमें 8 बड़े वाहन, 2 हल्के चार पहिया वाहन तथा 27 दुपहिया वाहन शामिल हैं। साथ ही 310 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई प्रदेश के विभिन्न जिलों में लगातार जारी है।
2 min read
May 11, 2026
Liquor Seizure in Rajasthan
Photo AI

Rajasthan Excise Department: जयपुर. आबकारी आयुक्त नमित मेहता के निर्देशानुसार प्रदेश में अवैध मदिरा निर्माण, भंडारण, परिवहन एवं विक्रय के खिलाफ विशेष निरोधात्मक अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत नाकाबंदी, गश्त और छापेमारी की प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 1 से 10 मई 2026 तक प्रदेशभर में व्यापक स्तर पर कार्रवाई करते हुए कुल 959 अभियोग दर्ज किए गए हैं।

अभियान के दौरान अवैध मदिरा पर सख्त कार्रवाई करते हुए देशी मदिरा, भारत निर्मित विदेशी मदिरा, बीयर एवं हथकड़ शराब की बड़ी मात्रा जब्त की गई है। कुल मिलाकर देशी मदिरा 3920 लीटर, भारत निर्मित विदेशी मदिरा 930 लीटर, बीयर 1476 लीटर तथा हथकड़ शराब 6622 लीटर जब्त की गई। जब्त मदिरा की कुल अनुमानित लागत लाखों रुपए बताई जा रही है। इसके साथ ही अवैध शराब निर्माण में उपयोग होने वाला 2 लाख 48 हजार 931 लीटर वाॅश नष्ट किया गया, जिससे अवैध गतिविधियों पर बड़ा प्रभाव पड़ा है।

अभियान के दौरान 37 वाहनों को जब्त किया गया है, जिनमें 8 बड़े वाहन, 2 हल्के चार पहिया वाहन तथा 27 दुपहिया वाहन शामिल हैं। साथ ही 310 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई प्रदेश के विभिन्न जिलों में लगातार जारी है।

जिलावार कार्रवाई में श्रीगंगानगर, चित्तौड़गढ़, नागौर, कोटा, बीकानेर सहित अन्य क्षेत्रों में आबकारी निरोधक दलों द्वारा विशेष अभियान चलाया गया। कई स्थानों पर मोटरसाइकिलों से अवैध शराब परिवहन करते हुए जब्ती की गई तथा अभियोग दर्ज किए गए। भारतमाला एक्सप्रेस वे और अन्य प्रमुख मार्गों पर नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहनों की सघन जांच की जा रही है।

आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि प्रदेश में अवैध मदिरा के खिलाफ जीरो टोलरेंस की नीति अपनाई जा रही है। अतिरिक्त आबकारी आयुक्त, जिला आबकारी अधिकारी, निरीक्षक एवं निरोधक दल समन्वित रूप से कार्रवाई कर रहे हैं। विभाग का उद्देश्य अवैध गतिविधियों पर पूर्ण अंकुश लगाना और कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखना है। अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

Updated on:
11 May 2026 02:52 pm
Published on:
11 May 2026 02:50 pm