
जयपुर। अपना राजस्थान 'पधारो म्हारे देस' की धरती है, पर एयरलाइंस ने जैसे इसे 'पधारो, पर पहले पर्स दिखाओ' बना दिया है। हवाई सफर करने वालों का सीधा सवाल है कि जब राज्य में पर्यटकों की संख्या हर साल बढ़ रही है, आसमान में उड़ानें क्यों नहीं बढ़तीं? जवाब शायद एयरलाइंस की उस 'सीमित उड़ान' नीति में छिपा है, जो सीजन आते ही किराये को पंख लगा देती है। जयपुर से जैसलमेर का टिकट 25 हजार तक है, जबकि मुंबई का 9 हजार से भी कम। विशेषज्ञ मानते हैं कि कमजोर कनेक्टिविटी ही इस 'किराया-खेल' की जड़ है।
अक्टूबर से मार्च तक चलने वाली मौसमी उड़ानें गर्मी में गायब हो जाती हैं। सवाल यह है कि पर्यटन के 'ब्रांड राजस्थान' को आखिर कौन उड़ने देगा, और कौन जमीन पर ही रखेगा? पर्यटन उद्योग के सामने कनेक्टिविटी बड़ी चुनौती है। एयरलाइंस कंपनियां अक्टूबर से मार्च के बीच ही जैसलमेर और बीकानेर जैसे शहरों के लिए उड़ानें संचालित करती हैं। गर्मी शुरू होते ही यात्री भार कम होने का हवाला देकर इन रूट्स पर उड़ानें बंद कर दी जाती हैं। इससे लोगों, कॉरपोरेट यात्रियों और पर्यटकों को परेशानी झेलनी पड़ती है। ऑफ सीजन में पर्यटन को बढ़ावा देने की योजनाओं पर भी इसका असर पड़ता है।
25 से 31 दिसंबर के बीच जयपुर-जैसलमेर रूट पर सीधी उड़ान नहीं होने से यात्रियों को कनेक्टिंग फ्लाइट का विकल्प चुनना पड़ रहा है और हवाई किराया अभी से 12 हजार से 25 हजार रुपए तक पहुंच गया है। जयपुर से उदयपुर का किराया 10 से 12 हजार रुपए और जोधपुर की सीधी उड़ान का किराया 6 से 8 हजार रुपए तक है। जयपुर से बीकानेर के लिए भी कनेक्टिंग फ्लाइट ही विकल्प है। दूसरी ओर, इसी अवधि में जयपुर से मुंबई का हवाई किराया 7 से 9 हजार रुपए के बीच है। एविएशन क्षेत्र से जुड़े लोगों के अनुसार, दिसंबर के आखिरी सप्ताह में अभी एक महीने का समय बाकी है। ऐसे में आगामी दिनों में किरायों में डेढ़ से दोगुना तक और इजाफा हो सकता है।
एविएशन विशेषज्ञों के अनुसार, राजस्थान में घरेलू और विदेशी पर्यटकों की संख्या लगातार बढ रही है, लेकिन इसके अनुपात में प्रदेश के पर्यटन शहरों के बीच हवाई कनेक्टिविटी का विस्तार नहीं हो पाया है। जयपुर से जैसलमेर या उदयपुर जाने के लिए मुंबई से भी ज्यादा किराया चुकाना पर्यटकों के लिए मुश्किल पैदा करता है। ऐसे में अधिक समय लगने के बावजूद वे सड़क या रेल मार्ग चुनने को मजबूर होते हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि प्रदेश में सालभर नियमित हवाई कनेक्टिविटी के लिए एयरलाइंस कंपनियों के साथ समन्वय और किरायों को नियंत्रित करने की दिशा में ठोस प्रयास जरूरी हैं।