Census 2027 in Rajasthan: राजस्थान में जनगणना हेतु प्रस्तावित अधिसूचना के लिए तैयारियां चल रही हैं। इसके लिए पिछली जनगणना के समय की फाइलों का अध्ययन किया जा रहा है।
Census 2027: जयपुर: जनगणना 2027 के लिए केंद्र सरकार के अधिसूचना जारी करने के बाद राजस्थान में भी जनगणना के लिए तैयारियां शुरू हो गई हैं। जल्द ही राजस्थान सरकार अधिसूचना जारी करेगी। प्रदेश की अनुमानित आबादी 8.24 करोड़ और 2.25 करोड़ अनुमानित परिवार हैं।
उधर, केंद्र सरकार इस महीने के अंत तक यह भी तय करेगी कि जिला, तहसील, ग्राम पंचायत और शहरी निकायों की सीमाओं में 30 जून तक फेरबदल की छूट की तारीख को आगे बढ़ाया जाएगा या नहीं। प्रदेश में जनगणना के लिए प्रस्तावित अधिसूचना के लिए तैयारियां चल रही हैं, इसके लिए पिछली जनगणना के समय की फाइलों का अध्ययन किया जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार, जनगणना कार्य शुरू होने से पहले केंद्र सरकार के स्तर पर मुख्य सचिव स्तरीय बैठक होगी। वहीं, जल्द ही जनगणना के लिए प्रश्नावली पर भी मंथन होगा। इसके बाद प्रशिक्षण मॉड्यूल तैयार होंगे और उनके अनुसार प्रशिक्षण के बाद सैम्पल के लिए कुछ स्थानों पर जनगणना का अभ्यास कार्य होगा।
इसके माध्यम से जनगणना के लिए जानकारी जुटाने में आने वाली कठिनाइयों का पता लगाया जाएगा और प्रशिक्षण के माध्यम से उन्हें दूर करने का प्रयास किया जाएगा। पहले दौर में मास्टर ट्रेनरों का प्रशिक्षण होगा, उसके बाद प्रशिक्षण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा।