
Rajasthan Heatwave: जयपुर. राजस्थान में लगातार बढ़ती गर्मी और हीट वेव की चेतावनी के चलते प्रशासन ने विद्यार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए अहम निर्णय लिए हैं। नागौर और बांसवाड़ा जिलों में स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों के समय में बदलाव किया गया है, जिससे बच्चों को भीषण गर्मी से राहत मिल सके।
नागौर जिले में जिला प्रशासन ने आदेश जारी करते हुए सभी राजकीय और गैर-राजकीय विद्यालयों के समय में बदलाव किया है। प्री-प्राइमरी से लेकर कक्षा 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए अब स्कूल सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक संचालित होंगे। यह नया समय 28 अप्रैल 2026 से सत्रांत तक प्रभावी रहेगा। मौसम विभाग द्वारा जारी हीट वेव अलर्ट को देखते हुए यह कदम उठाया गया है।
वहीं बांसवाड़ा जिले में भी भीषण गर्मी को देखते हुए स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों के समय में परिवर्तन किया गया है। जिला कलेक्टर द्वारा जारी आदेश के अनुसार, कक्षा 8वीं तक के सभी सरकारी और निजी विद्यालयों तथा मां-बाड़ी केंद्रों का संचालन अब 28 अप्रैल से सुबह से लेकर 11:30 बजे तक ही होगा। साथ ही आंगनबाड़ी केंद्रों का समय भी सुबह से 11 बजे तक निर्धारित किया गया है।
बांसवाड़ा में कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए फिलहाल स्कूल का समय यथावत रखा गया है। प्रशासन ने कहा है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और आवश्यकता पड़ने पर आगे भी निर्णय लिए जा सकते हैं।
प्रशासन ने अभिभावकों से अपील की है कि वे बच्चों को गर्मी से बचाव के लिए पर्याप्त पानी, हल्के कपड़े और जरूरी सावधानियां अपनाने के लिए प्रेरित करें।