जयपुर

राजस्थान हाईकोर्ट ने आरोपी को दी बेल, जांच में पाई गई बड़ी खामियां, पुलिसकर्मियों के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश

Rajasthan High Court : जयपुर. एनडीपीएस एक्ट के तहत 30 किलो गांजा बरामदगी के मामले में जांच की गंभीर खामियों और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए राजस्थान हाईकोर्ट ने आरोपी अजय कुमार शर्मा को जमानत दे दी है।
2 min read
• •
Updated: 28 Nov 2026, 10:24 PM IST
rajasthan high court granted bail accused departmental inquiry ordered police personnel
Rajasthan : फाइल फोटो पत्रिका।

Rajasthan High Court : जयपुर. एनडीपीएस एक्ट के तहत 30 किलो गांजा बरामदगी के मामले में जांच की गंभीर खामियों और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए राजस्थान हाईकोर्ट ने आरोपी अजय कुमार शर्मा को जमानत दे दी है। अदालत ने पाया कि जब्त किए गए मादक पदार्थ को करीब पांच माह तक थाने के मालखाने में रखा गया और एफएसएल जांच के लिए नमूने भेजने में भी देरी हुई। इसके अलावा वाहन के विवरण और पूछताछ संबंधी दस्तावेजों में भी विसंगतियां सामने आईं। न्यायाधीश रवि चिरानिया ने मामले को गंभीर मानते हुए करौली के पुलिस अधीक्षक को 22 फरवरी 2025 से आरोप-पत्र पेश होने तक की जांच प्रक्रिया की विभागीय जांच कर चार माह में रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए हैं।

आरोपी की ओर से अधिवक्ता डॉ. विभूति भूषण शर्मा ने कहा कि 22 फरवरी 2025 को मनीराम को उसके घर से उठाकर कथित रूप से अवैध अभिरक्षा में रखा गया। उसके माध्यम से अजय कुमार शर्मा को बुलाया गया और अगले दिन 23 फरवरी को सपोटरा थाने में एफआईआर दर्ज कर 30 किलो गांजा बरामदगी दर्शाते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया गया। शुरुआती दस्तावेजों में आरोपी को कार चलाते हुए बताया गया, जबकि बाद के दस्तावेजों में उसी पंजीकरण संख्या के साथ वाहन का मॉडल जीप दर्ज कर दिया गया। इसके अलावा दाताराम और अजय कुमार शर्मा के पूछताछ नोट्स में एक ही मोबाइल नंबर दर्ज होने, एक अन्य पूछताछ नोट में विवरण खाली रहने और किसी दूसरे व्यक्ति का फोटो लगे होने जैसी विसंगतियां भी बताई गईं।

पांच माह बाद भेजे नमूने

अदालत के सामने यह तथ्य आया कि 23 फरवरी 2025 को जब्त बताए गए गांजे को एफएसएल भेजने के लिए पत्र 28 जुलाई 2025 को तैयार किया गया और नमूने 1 अगस्त 2025 को जमा कराए गए। इस प्रकार जब्ती के करीब पांच माह बाद नमूने प्रयोगशाला भेजे गए। ट्रायल कोर्ट ने 7 जुलाई 2026 को घटना अवधि के कॉल डिटेल रिकॉर्ड और सीसीटीवी फुटेज एकत्रित कर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए थे, लेकिन चार माह बाद भी इनकी पालना नहीं हुई।

एसपी लोकेश सोरवाल ने स्वीकारा

हाईकोर्ट ने 26 नवंबर को अनुसंधान अधिकारी को तलब किया, लेकिन वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पेश हुए करौली एसपी लोकेश सोरवाल ने स्वीकार किया कि विचारण न्यायालय के आदेश की पालना के लिए आवश्यक कदम नहीं उठाए गए। उन्होंने अनुसंधान से जुड़े पुलिसकर्मियों की गंभीर चूक स्वीकार करते हुए विभागीय जांच कराने की बात कही। कोर्ट ने कहा कि एनडीपीएस एक्ट के मामलों में कठोर सजा का प्रावधान है। ऐसे मामलों में अनुसंधान अधिकारी का दायित्व है कि वह कानून और सुप्रीम कोर्ट के निर्धारित सिद्धांतों का पूरी गंभीरता से पालन करे।

किसी व्यक्ति को लंबे समय तक स्वतंत्रता से वंचित रखना उचित नहीं

अदालत ने मामले के गुण-दोष पर कोई अंतिम टिप्पणी किए बिना आरोपी की न्यायिक अभिरक्षा की अवधि और विचारण पूरा होने में लगने वाले संभावित समय को भी ध्यान में रखा। अदालत ने कहा कि जब मामला प्रथम दृष्टया संदेहास्पद प्रतीत हो और अभियोजन पक्ष सामने आई विसंगतियों का संतोषजनक स्पष्टीकरण नहीं दे पाए, तब किसी व्यक्ति को लंबे समय तक स्वतंत्रता से वंचित रखना उचित नहीं है।

Updated on:
28 Nov 2026, 10:24 PM IST
Published on: