
जयपुर
सलमान खान हिट एंड रन के बाद से कई ऐसे मामले अक्सर ही सामने आते जा रहे हैं। ताज़ा मामला राजधानी जयपुर के हैं। जहां तीन अलग- अलग हादसों में मासूमों ने अपनी जान गवा दी। ऐसा लग रहा कि जयपुर में तेज़ रफ़्तार का कहर थमने का नाम ही नहीं ले रहा हैं। पहली घटना में जीप ने बाइक को टक्कर मारी, बाइक सवार व्यक्ति ने मौके पर ही अपना दम तोड़ दिया। दूसरी घटना जगतपुरा पुलिया कि हैं जहां तेज रफ्तार वाहन ने बाइक सवार को कुचला और तीसरी घटना जयपुर के मैरिज गार्डन कि हैं जहां गार्डन के बाहर खड़े युवक को तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मारी दी।
पहला हादसा
जयपुर के मुहाना थाना इलाके में देर रात एक तेज रफ्तार जीप ने बाइक को टक्कर मार दी। जिससे हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक जीप छोड़कर भाग निकला। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त कर थाने पर खड़ा करवा दिया है।
पुलिस के अनुसार रात करीब दस बजे मदरामपुरा में एक जीप ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में माधोराजपुरा फागी निवासी बाइस वर्षीय मुकेश साहू घायल हो गया। सूचना पर मौके पर पहुंच कर पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाया, जहां पर उसने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। घटना की सूचना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने जीप के नम्बरों के आधार पर चालक की तलाश शुरू कर दी है।
दूसरा हादसा
जयपुर के जगतपुरा पुलिया से पहले बालाजी तिराहे के पास एक प्राइवेट अस्पताल के सामने तेज रफ्तार वाहन ने बाइक सवार को कुचल दिया। हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार एमआई रोड निवासी 38 वर्षीय गोविंद बाइक मैकेनिक है। वह बाइक से कहीं जा रहा था इसी दौरान रात में तेज रफ्तार वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी।
घायल अवस्था में लोगों ने उसे अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां पर उसने उपचार के बाद दम तोड़ दिया। हादसे के बाद फरार हुए वाहन चालक की तलाश में पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। जांच अधिकारी एएसआई प्रहलाद ने बताया कि ये हादसा ग्यारह अप्रेल की रात को हुआ था। गोविंद का एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था। देर रात उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई। हादसे के बाद फरार हुए वाहन चालक की तलाश जारी है।
तीसरा हादसा
शादी में शामिल होने आए युवक को मैरिज गार्डन के बाहर तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मार दी। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसा देर रात सिरसी रोड पर स्थित एक मैरिज गार्डन के सामने हुआ। हादसे के बाद चालक बाइक लेकर भाग निकला। हादसे की सूचना पर भांकरोटा थाना पुलिस पहुंची और घटना स्थल व उसके आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरें खंगाल रही है।
पुलिस के अनुसार हरमाडा निवासी सत्रह वर्षीय दीपक सिरसी रोड पर स्थित एक मैरिज गार्डन में शादी में आया था। मैरिज गार्डन के बाहर वह अपने किसी परिचित का इंतजार कर रहा था इसी दौरान रात करीब नौ बजे एक तेज रफ्तार बाइक ने उसे टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल अवस्था में वहां पर मौजूद लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां पर उसने देर रात उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।