जयपुर

Good News : राजस्थान में होंडा करेगी ईवी का उत्पादन, टपूकड़ा संयंत्र में बनेगा पहला इलेक्ट्रिक वाहन

Good News : खुशखबर। राजस्थान बनेगा ईवी हब।होंडा कंपनी की ओर से पहला इलेक्ट्रिक वाहन प्रदेश के टपूकड़ा (अलवर) संयंत्र में बनेगा।
less than 1 minute read
Rajasthan Honda manufacture EVs first electric vehicle will be manufactured at Tapukara plant Alwar
सीएम भजनलाल शर्मा और सीईओ ताकाशी नाकाजिमा। फोटो पत्रिका

Good News : होंडा कंपनी की ओर से पहला इलेक्ट्रिक वाहन, प्रदेश के टपूकड़ा (अलवर) संयंत्र में बनेगा, जिसका उत्पादन इसी वर्ष शुरू होगा। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शनिवार को मुख्यमंत्री कार्यालय में होंडा कार्स इंडिया लिमिटेड के प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठक में होंडा के पहले ईवी मॉडल (होंडा अल्फा) का अनावरण किया।

सितंबर 2024 में जापान यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल ने होंडा के शीर्ष प्रबंधन को राजस्थान में ईवी मॉडल निर्माण एवं निवेश के लिए आमंत्रित किया था। सीएम भजनलाल शर्मा ने कहा कि इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने के लिए ईवी खरीद पर अनुदान, सिंगल विंडो सिस्टम के साथ चार्जिंग स्टेशन की स्थापना की जा रही है।

इलेक्ट्रिक वाहनों का प्रमुख उत्पादन केंद्र बनेगा होंडा टपूकड़ा संयंत्र

सीएम भजनलाल ने कहा कि होंडा टपूकड़ा संयंत्र में इलेक्ट्रिक वाहनों का प्रमुख उत्पादन केंद्र बनाने जा रही है, जो राजस्थान की प्रभावशाली निवेश नीतियों पर वैश्विक विश्वास का बेहतरीन प्रमाण है। इलेक्ट्रिक वाहनों के निर्माण की दिशा में इसके बाद और निवेश बढ़ने की प्रबल संभावना होगी। साथ ही, पेट्रोल-डीजल पर निर्भरता कम करने एवं पर्यावरणीय संतुलन के साथ औद्योगिक विकास की यात्रा में यह कदम मील का पत्थर साबित होगा।

होंडा कम्पनी का राजस्थान से जुड़ाव काफी पुराना

सीएम भजनलाल ने कहा कि होण्डा कम्पनी का राजस्थान से जुड़ाव काफी पुराना है। 2007 में कम्पनी के संयंत्र का शिलान्यास, 2014 में वाहनों का उत्पादन प्रारम्भ होना और अब 2026 में भी इलेक्ट्रिक वाहनों के पहले उत्पादन के लिए टपूकड़ा संयंत्र का चयन राजस्थान के लिए गर्व की बात है।

कई देशों में निर्यात किए जाएंगे - ताकाशी नाकाजिमा

होंडा कार्स इंडिया लिमिटेड के प्रेसिडेंट एवं सीईओ ताकाशी नाकाजिमा ने बताया कि यहां उत्पादित मेड इन इंडिया ईवी मॉडल घरेलू बाजार के साथ ही कई देशों में निर्यात किए जाएंगे।

Published on:
15 Mar 2026 07:10 am