जयपुर

संपत्ति खरीद मामले में IAS शिखर अग्रवाल ने तोड़ी चुप्पी, जानें CM भजनलाल को दिए जवाब में क्या कहा?

आइएएस शिखर अग्रवाल ने मुख्यमंत्री को संपत्ति खरीद के मामले में विस्तृत जानकारी देकर चुप्पी तोड़ दी है। मुख्यमंत्री को पेश अपने पक्ष व कार्मिक विभाग को सौंपे जवाब में तथ्यों के साथ हर आरोप को गलत ठहराया है।
2 min read
• •
Updated: 25 Nov 2026, 9:47 AM IST
CM Bhajanlal Sharma-IAS Shikhar Agrawal
सीएम भजनलाल शर्मा और आइएएस शिखर अग्रवाल। फोटो: पत्रिका

जयपुर। आइएएस शिखर अग्रवाल ने मुख्यमंत्री को संपत्ति खरीद के मामले में विस्तृत जानकारी देकर चुप्पी तोड़ दी है। मुख्यमंत्री को पेश अपने पक्ष व कार्मिक विभाग को सौंपे जवाब में तथ्यों के साथ हर आरोप को गलत ठहराया है। जवाब में कहा कि उदयपुर व अलवर जिले के जिन विलाओं का मामला उठाया जा रहा है उनके लिए 2.16 करोड़ रुपए भुगतान 6 साल में किया। मार्च 2026 में रजिस्ट्री भी डीएलसी दर के अनुसार हुई। पर्यावरण स्वीकृति व कंपनी को राजस्थान निवेश प्रोत्साहन योजना (रिप्स) का लाभ दिलाने में पद के दुरुपयोग के आरोपों को भी नकारा है।

शिखर अग्रवाल ने मुख्यमंत्री को दिए अभ्यावेदन व कार्मिक विभाग को दिए जवाब की कॉपी हाईकोर्ट में पेश याचिका व सुप्रीम कोर्ट में पेश एसएलपी के साथ लगाई है। मुख्यमंत्री को दिए गए अभ्यावेदन में मांग की गई है कि जांच व कार्रवाई के लिए भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो को दी गई मंजूरी पर पुनर्विचार किया जाए और कोई भी कार्रवाई करते समय इसे ध्यान में रखा जाए।

सीएम को दिए अभ्यावेदन में यह कहा…

आय से अधिक संपत्तिः उदयपुर में 6 विला खरीदने के लिए सितंबर 2019 में 90 लाख रुपए भुगतान किया। उदयपुर में 4 विला खरीदने के लिए अगस्त 2021 में 60 लाख रुपए भुगतान किया। अजबगढ़ में 4 विला के लिए मई 2025 में 66 लाख रुपए भुगतान किया। रजिस्ट्री मार्च 2026 में हुई।

स्टाम्प चोरी नहींः उदयपुर में खरीदे 6 विलाओं के लिए डीएलसी दर लगभग 9.11 लाख रुपए थी, जबकि अजबगढ़ में डीएलसी दर 16.34 लाख रुपए प्रति यूनिट थी। इनसे अधिक स्टाम्प ड्यूटी दी गई। ऐसे में बाजार मूल्य से कम कीमत पर खरीद नहीं की।

कुछ नहीं छिपायाः सभी 14 विलाओं की जानकारी कार्मिक विभाग को दी, इन्हें वार्षिक अचल संपत्ति विवरण (आइपीआर) में भी दर्शाया। पत्नी ने भी 14 विलाओं की खरीद के मामले में ऐसा किया। इनसे आय को भी आइपीआर व आयकर रिटर्न में दर्शाया।

पत्नी की आइपीआर बताईः पत्नी आइपीएस प्रशाखा माथुर की आइपीआर की जानकारी कार्मिक विभाग को दी गई।

भू-रूपान्तरण के 13 साल बाद खरीदे विलाः उदयपुर में कलक्टर रहते 2006 में भू-रूपान्तरण में लाभ देने का आरोप लगाया, जबकि विला उस कंपनी से 2019 में खरीदे गए।

शिथिलता नहींः प्रदूषण नियंत्रण मंडल का चार्ज रहते अजबगढ़ में भूमि के लिए मंजूरी की शर्तों में शिथिलता देने का आरोप, जिसको लेकर कोई दस्तावेज नहीं है। यह मामला एनजीटी तक पहुंचा, लेकिन अनियमितता नहीं पाई गई।

रिप्स पैकेजः रिप्स में शिथिलता के लिए निर्धारित प्रक्रिया है और मंजूरी उच्च स्तरीय बैठक में दी।