जयपुर

Rajasthan : राजस्थान के किशनगढ़ में बनेगी स्नाइपर राइफल, 20 हेक्टेयर जमीन आवंटित, और भी लगेंगी इकाइयां

Sniper Rifle in Kishangarh : राजस्थान के किशनगढ़ के पास उदयपुर खुर्द क्षेत्र में स्नाइपर राइफल का निर्माण होगा। करीब 20 हेक्टेयर जमीन आवंटित कर दी गई है। यहां टेस्टिंग रेंज का काम भी होगा।

2 min read
Rajasthan Kishangarh Sniper rifles armored vehicles defense equipment Units manufactured
Sniper Rifle in Kishangarh : फोटो - AI

Rajasthan Defence Hub : राजस्थान अब देश के डिफेंस और एयरोस्पेस सेक्टर में बड़ी पहचान बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। इसके लिए किशनगढ़ के पास उदयपुर खुर्द क्षेत्र में 59 हेक्टेयर भूमि पर डिफेंस एवं एयरोस्पेस पार्क के लिए रिजर्व कर दी गई है। यहां पहली मैन्युफैक्चरिंग यूनिट लगने जा रही है, जहां स्नाइपर राइफल का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए करीब 20 हेक्टेयर जमीन आवंटित कर दी गई है। यहां टेस्टिंग रेंज का काम भी होगा। इसके अलावा यहां फाइटर एयरक्राफ्ट, हथियार, आर्मर्ड वाहन (बख्तरबंद गाड़ी), रक्षा उपकरणों के कलपुर्जों और एयरोस्पेस उत्पादों की मेन्यूफेक्चरिंग यूनिट लगाने की संभावना तलाशी जा रही है।

सूत्रों के अनुसार, कई निजी कंपनियां भी निवेश के लिए रीको और राज्य सरकार के संपर्क में हैं। वहीं भारतीय सेना भी राजस्थान में अनुसंधान, परीक्षण और रक्षा उत्पादन से जुड़े अवसरों का आकलन कर रही है।

दिल्ली से सटे हिस्से में भी चाह रहे जमीन

रीको अधिकारियों के अनुसार, कई निवेशक दिल्ली से सटे राजस्थान के क्षेत्रों में बड़े भूखंडों की तलाश कर रहे हैं, जहां कई बीघा जमीन एक साथ चाहिए। निवेशकों की मांग ऐसी विस्तृत भूमि की भी है, जहां उच्च वोल्टेज बिजली लाइनों जैसी बाधाएं न हों और उद्योगों के विकास के लिए पर्याप्त खुला क्षेत्र उपलब्ध हो।

केंद्र सरकार की पहल पर बढ़ रहे आगे

केंद्र सरकार आइडीइएक्स यानी इनोवेशन फोर डिफेंस एक्सीलेंस (रक्षा उत्कृष्टता के लिए नवाचार) के जरिए रक्षा और एयरोस्पेस क्षेत्र में नई तकनीक विकसित करने को बढ़ावा दे रही है। इसे अंतर्गत स्टार्ट अप्स, एमएसएमई, व्यक्तिगत इनोवेटर्स और शोध संस्थानों को नई रक्षा तकनीक पर काम करने के लिए आर्थिक सहायता और विशेषज्ञ मार्गदर्शन दे रहे हैं। ताकि, देश रक्षा उपकरणों और तकनीक के मामले में पूरी तरह आत्मनिर्भर बने। राजस्थान की नई एयरोस्पेस और डिफेंस पॉलिसी भी इसी दिशा में तैयार की गई है।

प्रदेश को बनाएंगे रक्षा उत्पादन केंद्र

राजस्थान को रक्षा उत्पादन, अनुसंधान और एयरोस्पेस मैन्युफैक्चरिंग का केन्द्र बनाने के लिए प्लान तैयार किया गया है। किशनगढ़ के पास डिफेंस एवं एयरोस्पेस पार्क के लिए जमीन आरक्षित की गई है।
सुरेश ओला, प्रबंध निदेशक, रीको

डिफेंस-एयरोस्पेस मैन्युफैक्चरिंग हब बनाने को उठाए गए ऐतिहासिक कदम

राजस्थान को देश का प्रमुख डिफेंस (रक्षा) और एयरोस्पेस मैन्युफैक्चरिंग हब बनाने के लिए राज्य सरकार द्वारा ऐतिहासिक कदम उठाए गए हैं। राज्य में आधुनिक हथियारों, ड्रोन, विमानों और मिसाइलों के उत्पादन के लिए भारी निवेश आ रहा है और सीमावर्ती सुरक्षा व सामरिक तैयारियों को लगातार मजबूत किया जा रहा है।

Published on:
14 Jun 2026 07:27 am