Lado Protsahan Yojana: लाडो प्रोत्साहन योजना के तहत अब सरकारी अस्पतालों में जन्मी बेटियों को सरकारी के साथ निजी स्कूलों में पढ़ाई पर भी लाभ मिलेगा। योजना में सात किस्तों में कुल 1.50 लाख की सहायता दी जाएगी।
Lado Protsahan Yojana: जयपुर: सरकारी अस्पतालों में जन्मी बेटियों को अब सरकारी ही नहीं निजी स्कूलों में दाखिले पर भी लाडो प्रोत्साहन योजना का लाभ मिलेगा। महिला अधिकारिता, चिकित्सा और शिक्षा विभाग की ओर से प्रत्येक जिला स्तर पर स्कूलों के नोडल अधिकारी और सीबीईईओ को योजना को लेकर प्रशिक्षण दिया गया है।
इसमें योजना के आवेदन भरने, दस्तावेज अपलोड करने, आवेदन लॉक करने सहित भुगतान करने की विस्तृत जानकारी दी गई है। गौरतलब है कि योजना का लाभ 2024-25 से दिया जाना था, लेकिन प्रक्रिया में देरी हुई।
राजस्थान सरकार की यह विशेष योजना है, जिसका उद्देश्य राजस्थान में जन्मी बेटियों को उनके जन्म से लेकर शिक्षा व स्नातक पूरा होने तक आर्थिक सहायता देकर उन्हें सशक्त बनाना है। इसे पहले राजश्री स्कीम के नाम से भी जाना जाता था। योजना के तहत कुल 1.50 लाख तक की सहायता सात किस्तों में दी जाती है।
-बेटियों को शिक्षा और जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना।
-शिक्षा के हर महत्वपूर्ण चरण पर वित्तीय सहायता प्रदान करना।
-लिंग समानता को बढ़ावा देना और बेटियों के परिवारों को आर्थिक सहायता देना।
-बच्ची राजस्थान में जन्मी हो (सरकारी या अधिकृत अस्पताल में)
-बच्ची सरकारी या मान्यता प्राप्त निजी स्कूल में पढ़ाई कर रही हो
-टीकाकरण आदि आवश्यक स्वास्थ्य मानदंड पूरे हों
-परिवार की आवश्यक जानकारी और बैंक डिटेल पोर्टल पर उपलब्ध हो
आवेदन आम तौर पर स्वतः प्रोसेस होता है। जन्म और स्कूल रिकॉर्ड के आधार पर शाला दर्पण तथा जन आधार कार्ड से डेटा मिलता है। बैंक खाता सूचना, आधार कार्ड आदि से संबंधित जानकारी सिस्टम में दर्ज रहती है। राज्य सरकार की ओर से आवश्यक दिशा-निर्देश व पोर्टल के माध्यम से भुगतान किया जाता है।
| किस्त | अवसर | राशि (₹) |
|---|---|---|
| 1 | बेटी के जन्म पर | 2,500 |
| 2 | 1 वर्ष की उम्र एवं टीकाकरण पूरा होने पर | 2,500 |
| 3 | कक्षा 1 में प्रवेश पर | 4,000 |
| 4 | कक्षा 6 में प्रवेश पर | 5,000 |
| 5 | कक्षा 10 में प्रवेश पर | 10,000 |
| 6 | कक्षा 12 में प्रवेश पर | 25,000 |
| 7 | स्नातक पूरा होने एवं 21 वर्ष की आयु पर | 1,00,000 |