जयपुर

Monsoon Update : राजस्थान में मौसम विभाग का आया ताजा अपडेट, जानें कब से फिर सक्रिय होगा मानसून

Rajasthan Monsoon Rain Update : राजस्थान में दक्षिण-पश्चिम मानसून फिलहाल कमजोर पड़ गया है। मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि 20 जुलाई के आसपास बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का एक नया क्षेत्र बन सकता है। इसके असर से राज्य में बारिश की गतिविधियां फिर बढ़ सकती हैं।
2 min read
Jul 14, 2026
Rajasthan monsoon Rain
बारिश का फोटो: पत्रिका

Rajasthan Monsoon Rain Update : जयपुर। राजस्थान में दक्षिण-पश्चिम मानसून फिलहाल कमजोर पड़ गया है।अगले एक सप्ताह तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की संभावना है और कहीं भी अच्छी बारिश के आसार नहीं हैं। जयपुर मौसम विज्ञान केंद्र ने बताया कि पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के ज्यादातर इलाकों में मौसम शुष्क रहा। हालांकि कुछ स्थानों पर तेज हवाएं चली। पश्चिमी राजस्थान में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। सर्वाधिक बारिश 37 एमएम टिब्बी, हनुमानगढ़ में दर्ज की गई। सर्वाधिक अधिकतम तापमान 41.5 डिग्री सेल्सियस श्रीगंगानगर,जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 21.0 डिग्री सेल्सियस सिरोही में दर्ज किया गया।

बारिश से बदला मौसम, उमस से मिली राहत

अलवर शहर सहित आसपास के क्षेत्रों में मंगलवार दोपहर मौसम ने अचानक करवट ली। घने बादलों और ठंडी हवाओं के बीच हुई हल्की बारिश से कई दिनों से पड़ रही उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत मिली। सुबह से आसमान पूरी तरह साफ रहा और तेज धूप निकलने से गर्मी का असर बना रहा। हवा नहीं चलने के कारण लोगों को दिनभर उमस का सामना करना पड़ा और आमजन पसीने से तरबतर नजर आए। लेकिन दोपहर बाद हुई बारिश ने लोगों को राहत दी। बारिश से खरीफ फसलों की खेती को भी लाभ मिलने की उम्मीद है।

यहां हो सकती है बारिश

मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, अगले सात दिनों तक पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर और बीकानेर संभाग के अधिकांश जिलों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की संभावना है। पूर्वी राजस्थान में भी अगले पांच से छह दिनों तक मौसम अधिकतर शुष्क रहने की संभावना है। हालांकि 14 और 15 जुलाई को बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू और आसपास के इलाकों में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। 16 और 17 जुलाई को उदयपुर संभाग के कुछ क्षेत्रों में भी हल्की बारिश होने के आसार हैं। इस बीच, अगले दो से तीन दिनों के दौरान जोधपुर और बीकानेर डिवीजनों के कई हिस्सों में 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी तेज हवाएं चलने की संभावना है।

20 जुलाई के बाद बारिश बढ़ने की संभावना

जयपुर मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, अगले एक सप्ताह तक पूरे राजस्थान में मानसून कमजोर रहने की संभावना है, हालांकि मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि 20 जुलाई के आसपास बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का एक नया क्षेत्र बन सकता है। इसके असर से राज्य में बारिश की गतिविधियां फिर बढ़ सकती हैं। अगर यह कम दबाव का क्षेत्र मजबूत होकर अंदरूनी इलाकों की ओर बढ़ता है, तो राजस्थान में मानसून फिर से सक्रिय हो सकता है। इससे राज्य के कई जिलों में बारिश बढ़ने की संभावना है। बारिश बढ़ने से लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिलेगी, वहीं खरीफ की फसलों को भी इसका फायदा होगा।

Updated on:
14 Jul 2026 03:10 pm
Published on:
14 Jul 2026 03:10 pm