जयपुर

CM बनने के बाद भजनलाल शर्मा को क्यों लेनी पड़ी BJP की सदस्यता? यहां जानें पूरा माजरा

Rajasthan BJP: राजस्थान में आज से संगठन पर्व सदस्यता अभियान की शुरुआत होने जा रही है। इस अभियान को पार्टी मुख्यालय में प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा लॉन्च करेंगे।

2 min read
Sep 03, 2024

Jaipur News: भारतीय जनता पार्टी ने बीते सोमवार से पूरे देश में अपने राष्ट्रीय सदस्यता अभियान का शुभारंभ किया है। बता दें इस कार्यक्रम को 'संगठन पर्व सदस्यता अभियान-2024' का नाम दिया गया है। भाजपा के केंद्रीय कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पार्टी का पहला सदस्य बनाकर अपने अभियान की शुरुआत की। पीएम नरेंद्र मोदी ने पार्टी के टोल फ्री नंबर पर मिस्ड कॉल के जरिए फिर से भाजपा की सदस्य ली।

वहीं, राजस्थान में आज से इस अभियान की शुरुआत होने जा रही है। 'संगठन पर्व सदस्यता अभियान-2024' को पार्टी मुख्यालय में प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा लॉन्च करेंगे। बताया जा रहा है कि इस मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे भी मौजूद रहेंगी। बता दें इससे पहले सीएम भजनलाल शर्मा ने प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ पार्टी की उपस्थिति में पार्टी की विधिवत सदस्यता ग्रहण की थी। इसके बाद कल यानी 4 सितंबर से प्रदेश भर में इस अभियान की औपचारिक शुरुआत हो जाएगी।

1 करोड़ सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा

सदस्यता अभियान के प्रदेश संयोजक अरुण चतुर्वेदी ने बताया कि प्रदेश में मुख्यमंत्री, मंत्री, अध्यक्ष और पदाधिकारियों की सदस्यता के साथ अभियान शुरू होगा। अभियान के तहत मिस्ड कॉल, नमो ऐप, वेबसाइट और क्यूआर कोड स्कैन करके कोई भी व्यक्ति सदस्य बन सकता है। प्रदेश में सभी 51 हजार बूथों पर 1 करोड़ सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा गया है।

बताते चलें कि प्रदेश में सदस्यता अभियान का पहला चरण 30 सितंबर तक चलेगा। अभियान के तहत एक सिम से एक ही व्यक्ति पार्टी का सदस्य बन सकता है। इस बार ऑनलाइन के साथ ऑफलाइन सदस्य भी बनाए जाएंगे। जहां मोबाइल नेटवर्क की समस्या या अन्य तकनीकी समस्या सामने आएगी, वहां ऑफलाइन फॉर्म भर कर सदस्य बनाया जाएगा।

क्या है 6 साल वाला नियम?

इससे पहले भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं पार्टी के राष्ट्रीय सदस्यता अभियान के संयोजक विनोद तावड़े ने कुछ दिन पहले ही पार्टी मुख्यालय में मीडिया को इस अभियान की जानकारी देते हुए कहा था कि, "भाजपा के संविधान के मुताबिक, हर 5-6 साल बाद नए सिरे से सबको फिर से पार्टी का सदस्य बनाया जाता है।"

Updated on:
03 Sept 2024 04:32 pm
Published on:
03 Sept 2024 12:34 pm
Also Read
View All

अगली खबर