जयपुर

Rajasthan Nikay Elections : स्थानीय निकाय चुनाव के लिए BJP ने हरीश द्विवेदी को बनाया प्रभारी, 5 सह-प्रभारी नियुक्त

Rajasthan Nikay Elections : राजस्थान में आगामी स्थानीय निकाय चुनावों को लेकर भाजपा ने पूर्व सांसद हरीश द्विवेदी को प्रभारी बनाया है। उनके साथ पांच सह-प्रभारी नियुक्त किए गए हैं।
2 min read
rajasthan nikay elections bjp appoint harish dwivedi incharge 5 co incharges
Rajasthan : फाइल फोटो पत्रिका

Rajasthan Nikay Elections : राजस्थान में आगामी स्थानीय निकाय चुनावों को लेकर भाजपा ने संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के निर्देश पर स्थानीय निकाय चुनावों के लिए पूर्व सांसद हरीश द्विवेदी को प्रभारी बनाया गया है। उनके साथ पांच सह-प्रभारी नियुक्त किए गए हैं। टीम में उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, गुजरात और दिल्ली के नेताओं को शामिल किया गया है। महाराष्ट्र सरकार के मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले, सांसद गजेंद्र सिंह पटेल, सांसद संगीता यादव, रोहन गुप्ता और दिल्ली सरकार के मंत्री रविंद्र सिंह इंद्राज को सह-प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है। ये नेता राजस्थान में आगामी स्थानीय निकाय चुनावों के लिए संगठनात्मक तैयारियों और चुनावी समन्वय में भूमिका निभाएंगे।

मिल कर निभाएंगे जिम्मेदारी - हरीश द्विवेदी

हरीश द्विवेदी ने राजस्थान पत्रिका को बताया कि पार्टी ने उन्हें और सभी साथियों को जिम्मेदारी दी है। सभी मिल कर इसे निभाएंगे। उन्होंने बताया कि वे 18 से 20 अगस्त के बीच राजस्थान आएंगे।

जानिए कौन क्या है?

हरीश द्विवेदी: भाजपा के राष्ट्रीय सचिव रहे द्विवेदी उत्तर प्रदेश के बस्ती से 2014 और 2019 तक सांसद रहे हैं।
चंद्रशेखर बावनकुले: महाराष्ट्र के राजस्व मंत्री, महाराष्ट्र भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष रहे हैं। वे नागपुर के प्रभारी मंत्री भी हैं।
गजेंद्र सिंह पटेल: मध्यप्रदेश के खरगोन से सांसद और भाजपा एसटी मोर्चा के राष्ट्रीय महामंत्री
संगीता यादव: उत्तर प्रदेश से राज्यसभा सांसद, गोरखपुर के चौरी-चौरा से विधायक रहीं हैं। महिला मोर्चा की राष्ट्रीय सचिव रही हैं।
रोहन गुप्ता: गुजरात के अहमदाबाद से ताल्लुक रखने वाले गुप्ता 2024 में कांग्रेस से भाजपा में शामिल हुए।
रविन्द्र सिंह इन्द्राज: दिल्ली सरकार में समाज कल्याण मंत्री हैं।

विजय के नए कीर्तिमान स्थापित करेंगे - सीएम भजनलाल

राजस्थान के स्थानीय निकाय चुनावों के लिए पूर्व सांसद हरीश द्विवेदी को प्रभारी व पांच सह-प्रभारी नियुक्त किए जाने पर सीएम भजनलाल शर्मा ने कहा कि राजस्थान में आगामी स्थानीय निकाय चुनावों के लिए भाजपा के माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन द्वारा नियुक्त सभी प्रतिनिधियों को हार्दिक शुभकामनाएं! मुझे पूर्ण विश्वास है कि आप सभी के अनुभव, संगठनात्मक कौशल और मार्गदर्शन से राजस्थान में भाजपा का संगठन और अधिक सशक्त होगा तथा स्थानीय निकाय चुनावों में पार्टी को व्यापक जनसमर्थन प्राप्त होगा। संगठन की शक्ति और कार्यकर्ताओं के परिश्रम के साथ हम विजय के नए कीर्तिमान स्थापित करेंगे।

राजस्थान में संभाग सह-प्रभारी की घोषणा

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ के निर्देशानुसार संभाग सह-प्रभारी की घोषणा निम्नवत की जाती है।

संभाग - संभाग सह-प्रभारी - गृह जिला
1- बीकानेर - आईदान सिंह भाटी - जैसलमेर
2- जयपुर - मोतीलाल मीणा - कोटा
3- भरतपुर - नारायण मीणा - जयपुर
4- अजमेर - विष्णु चेतानी - सीकर
5- जोधपुर - अजीत मांडन - जयपुर
6- उदयपुर - नारायण पुरोहित - सिरोही
7- कोटा - पुखराज पहाड़िया - अजमेर।

Updated on:
14 Aug 2026 09:26 pm
Published on:
14 Aug 2026 09:26 pm