
Rajasthan Panchayat Election Results : राजस्थान में जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के परिणाम में कई जगह कांग्रेस को भारी बढ़त मिली है। अभी कुछ स्थानों पर परिणाम आने बाकी हैं। इस मौके पर कांग्रेस पार्टी में खुशी का माहौल है। राजस्थान में कांग्रेस के दिग्गज नेता अशोक गहलोत ने कहा कि राजस्थान के ग्रामीण क्षेत्रों के मतदाताओं ने कांग्रेस पार्टी को पंचायत राज चुनावों में भारी जीत दिलाकर भारतीय जनता पार्टी सरकार को स्पष्ट संदेश दिया है कि अब उसके जाने का समय आ चुका है।
अशोक गहलोत ने शुक्रवार को पंचायत चुनाव परिणाम पर अपनी प्रतिक्रिया में यह बात कही। उन्होंने इस जीत को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की नीतियों पर जनता की मुहर बताते हुए कहा कि यह जीत ग्रामीण जनता के विश्वास और कांग्रेस कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम है।
राजस्थान के नगर निगम चुनावों के बारे में अशोक गहलोत ने आरोप लगाया कि नगर निगम चुनावों में भी कांग्रेस पार्टी ने बेहतर प्रदर्शन किया था लेकिन भाजपा ने गुंडागर्दी के दम पर जनादेश को हड़पने का काम किया।
अशोक गहलोत ने कहा कि हम लगातार यह बात कह रहे थे कि गांवों में भाजपा के खिलाफ माहौल है। किसान, मजदूर, महिलाएं, सभी वर्ग भाजपा सरकार की उपेक्षा और वादाखिलाफ़ी से परेशान हैं। गांवों की समस्याओं को नजरअंदाज करना भाजपा को भारी पड़ा है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा इस जनभावना को भांप नहीं पाए और पूरी भाजपा सत्ता के मद में चूर रही। आज ग्रामीण मतदाताओं ने अपने वोट के जरिए इसका जवाब दिया है।
अशोक गहलोत ने कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में शुरू की गई चिरंजीवी योजना सहित जनकल्याणकारी योजनाएं आज भी लोगों को याद आती हैं। सामाजिक सुरक्षा, किसानों को संबल, महिलाओं के लिए योजनाएं और आमजन को राहत देने वाले फैसलों ने लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव किया था। ग्रामीण जनता ने इन योजनाओं और उस शासनकाल की संवेदनशीलता को याद रखा है।
अशोक गहलोत ने इस जीत के लिए कांग्रेस पार्टी के सभी कर्मठ कार्यकर्ताओं, समस्त नेताओं और पदाधिकारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी और मतदाताओं का आभार जताया।