जयपुर

Rajasthan Pradhan Election Result 2026: कांग्रेस के बहुमत वाली इन 15 पंचायतों में BJP ने लगाई सेंध, यहां बगावत कर तनु जैन बनी प्रधान

Rajasthan Pradhan Election Result 2026: पंचायत समिति प्रधानों के चुनाव में भाजपा ने कांग्रेस के बहुमत वाली पंचायत समितियों में सेंध लगाकर अपने प्रधान बना लिए, जबकि कांग्रेस भाजपा के पूर्ण बहुमत वाली पंचायत समितियों में सेंध लगाने में नाकाम रही।
2 min read
• •
Updated: 28 Nov 2026, 11:22 AM IST
Bhainsrodgarh Panchayat Samiti Pradhan Tanu Jain
भैंसरोडगढ़ पंचायत समिति प्रधान तनु जैन निर्वाचित होने के बाद जीत की खुशी दर्शाते हुए। फोटो: पत्रिका


जयपुर। पंचायत समिति प्रधानों के चुनाव में भाजपा ने कांग्रेस के बहुमत वाली पंचायत समितियों में सेंध लगाकर अपने प्रधान बना लिए, जबकि कांग्रेस भाजपा के पूर्ण बहुमत वाली पंचायत समितियों में सेंध लगाने में नाकाम रही। भाजपा ने कांग्रेस के बहुमत वाली करीब 15 पंचायत समितियों में प्रधान पद हासिल किए। वहीं, निर्दलीयों के बहुमत वाली करीब 9 पंचायत समितियों में भी भाजपा ने बाजी मारी। इसके अलावा दो दर्जन से अधिक त्रिशंकु पंचायत समितियों में भी भाजपा ने प्रधान बनाए।

निर्दलीयों के बहुमत वाली करीब 9 पंचायत समितियों में भी भाजपा ने अपने प्रधान बनाए। लक्ष्मणगढ़, नदबई, उच्चैन, कुम्हेर, कामां, पहाड़ी, डीग और बहरोड़ सहित इन पंचायत समितियों में निर्दलीय प्रत्याशियों की संख्या अधिक थी, लेकिन भाजपा ने जोड़तोड़ से प्रधान पद हासिल कर लिए। इसके अलावा दो दर्जन से अधिक ऐसी पंचायत समितियों में भी भाजपा ने प्रधान बनाए, जहां किसी दल को पूर्ण बहुमत नहीं मिला था।

इन पंचायतों में भाजपा ने बनाए प्रधान

कांग्रेस को अजमेर ग्रामीण, सिवाना, जैतारण, खजूरी, बिजोलिया, रायपुर सुजानगढ़, बृजनगर, सेपू, मोहनगढ़, जालोर, अकलेरा, सेखला, पीपलू और भींडर पंचायत समितियों में पूर्ण बहुमत मिला था। इसके बावजूद भाजपा ने यहां प्रधान बना लिए।

कांग्रेस खाली हाथ

भाजपा के पूर्ण बहुमत वाली समितियों में कांग्रेस सेंध नहीं लगा सकी। हालांकि कांग्रेस ने भी बहुमत से अधिक समितियों में प्रधान बनाए। ये वे पंचायतें थीं, जहां किसी को पूर्ण बहुमत नहीं मिला था। इस तरह भाजपा ने कांग्रेस के बहुमत वाले क्षेत्रों में सेंध लगाई, जबकि अपने बहुमत वाले क्षेत्रों को बरकरार रखा।

कांग्रेस के चार वोटों की क्रॉस वोटिंग… बगावत कर तनु जैन बनी प्रधान

भैंसरोडगढ़ पंचायत समिति में बहुमत के बावजूद कांग्रेस प्रधान की कुर्सी नहीं बचा पाई। कांग्रेस की बागी तनु जैन ने कांग्रेस की ज्योत्सना कंवर को पांच वोटों से हराकर प्रधान पद पर कब्जा किया। जैन को 10 वोट मिले, जबकि ज्योत्सना को महज पांच वोट ही मिल पाए। 15 सदस्यी पंचायत समिति में कांग्रेस के 9 सदस्य निर्वाचित हुए थे, लेकिन प्रत्याशी को पांच वोट ही मिले। ऐसे में कांग्रेस के चार वोटों की क्रॉस वोटिंग सामने आई है।

मंत्री और दो विधायक नहीं बनवा पाए अपनी पार्टी के प्रधान

मंत्री जोगाराम पटेल अपनी लूणी विधानसभा क्षेत्र में भाजपा का प्रधान नहीं बनवा पाए। यही स्थिति ओसियां से भाजपा विधायक भैराराम चौधरी और भोपालगढ़ से कांग्रेस विधायक गीता बरवड़ के क्षेत्र में रही। ओसियां विधानसभा की पांचों पंचायत समितियों में कांग्रेस और भोपालगढ़ विधानसभा की पांचों पंचायत समितियों में आरएलपी के प्रधान निर्वाचित हुए। भाजपा को शेरगढ़ विधानसभा क्षेत्र की सेखाला पंचायत समिति में एकमात्र सफलता मिली।