जयपुर

राजस्थान पंचायत चुनाव में क्रॉस वोटिंग पर बड़ा एक्शन, कांग्रेस ने 5 सदस्यों को पार्टी से निकाला, BJP ने 2 को थमाए नोटिस

Rajasthan Panchayat Election 2026: राजस्थान में जिला प्रमुख और पंचायत समिति प्रधान के चुनावों में क्रॉस वोटिंग और पार्टी विरोधी गतिविधियों को लेकर कांग्रेस और भाजपा ने अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू कर दी है।
2 min read
• •
Updated: 28 Nov 2026, 10:35 AM IST
Feature image

जयपुर। राजस्थान में जिला प्रमुख और पंचायत समिति प्रधान के चुनावों में क्रॉस वोटिंग और पार्टी विरोधी गतिविधियों को लेकर कांग्रेस और भाजपा ने अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू कर दी है। जोधपुर जिले की भोपालगढ़ पंचायत समिति में क्रॉस वोटिंग करने पर कांग्रेस ने पांच निर्वाचित सदस्यों को पार्टी से निष्कासित कर दिया है। वहीं, भाजपा ने दो जिला परिषद सदस्यों को कारण बताओ नोटिस जारी कर पांच दिन में जवाब मांगा है।

जोधपुर जिले की भोपालगढ़ पंचायत समिति के प्रधान चुनाव में पार्टी लाइन से हटकर मतदान करने पर जोधपुर देहात जिला कांग्रेस कमेटी ने पांच सदस्यों को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित कर दिया। विधायक एवं जिलाध्यक्ष गीता बरवड़ ने कहा कि जनता ने इन सदस्यों को कांग्रेस के सिंबल पर चुनाव जिताकर भेजा था। इसके बावजूद उन्होंने पार्टी प्रत्याशी की जगह दूसरे दल के पक्ष में मतदान किया। यहां तक कि कांग्रेस की प्रधान प्रत्याशी ने भी खुद को वोट नहीं दिया। इसी अनुशासनहीनता के चलते कार्रवाई की गई है।

इन पांच सदस्यों पर हुई कार्रवाई

कांग्रेस से निष्कासित सदस्यों में वार्ड-2 से उच्छब कंवर रूदिया, वार्ड-3 से दुर्गा देवी बिरानी (प्रधान प्रत्याशी), वार्ड-7 से शारदा देवी देवातड़ा, वार्ड-8 से दुर्गाराम माली अरटिया और वार्ड-12 से रामनिवास देवनगर बासनी शामिल हैं।

भाजपा ने दो सदस्यों से मांगा स्पष्टीकरण

इधर, जिला प्रमुख चुनाव में पार्टी विरोधी गतिविधियों और बयानबाजी को लेकर भाजपा ने भी सख्ती दिखाई है। ब्यावर की जिला परिषद सदस्य ज्योति चौहान और पाली के वार्ड-28 से जिला परिषद सदस्य चौथाराम मेघवाल को अनुशासनहीनता के आरोप में कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं मुख्यालय प्रभारी श्रवण सिंह बगड़ी ने शुक्रवार को दोनों सदस्यों से पांच दिन में स्पष्टीकरण मांगा है। जवाब संतोषजनक नहीं होने पर दोनों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई हो सकती है।