जयपुर

Rajasthan Panchayat Election Updates : 28 बूथों की ईवीएम नहीं खुलीं, अब 22 नवम्बर को होगा पुनर्मतदान

Rajasthan Panchayat Election Result Live : राजस्थान में पंचायत चुनाव के मतदान की 28 बूथ की ईवीएम परिणाम के समय तकनीकी कारणों से खुल नहीं पाई। जिस वजह से 22 नवम्बर को यहां पुनर्मतदान होगा। जानें कहां पुनर्मतदान होगा।
2 min read
• •
Updated: 20 Nov 2026, 10:31 PM IST
rajasthan panchayat election 28 booths evms not open 22 Nov re polling
Rajasthan : ग्राफिक्स एआइ ने बनाया।

Rajasthan Panchayat Election Result Live : जयपुर। पंचायत चुनाव के मतदान की 28 बूथ की ईवीएम परिणाम के समय तकनीकी कारणों से खुल नहीं पाई। इसके चलते पंचायत समिति के 22 और जिला परिषद के 6 वार्डों का परिणाम शुक्रवार को रोक लिया गया। इन बूथों पर 22 नवम्बर को पुनर्मतदान कराया जाएगा। राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार सवाई माधोपुर जिले की बौंली, खंडार व बामनवास पंचायत समिति के एक-एक, धौलपुर जिले की राजाखेडा व जोधपुर जिले की बालेसर पंचायत समिति के दो-दो, फलौदी जिले की फलौदी व घंटियाल पंचायत समिति की एक-एक, जैसलमेर की मोहनगढ़ व बूंदी की केशोरायपाटन पंचायत समिति में भी एक-एक जगह पुनर्मतदान कराया जाएगा।

इसी तरह कोटपूतली जिले की पावटा पंचायत समिति में दो जगह व नारायणपुर पंचायत समिति में एक जगह, डीग जिले की बृजनगर व डीग पंचायत समिति में एक-एक जगह, अलवर जिले की थानागाजी व गोविन्दगढ़ पंचायत समिति में एक-एक जगह, जयपुर जिले की दूदू, चौमूं व शाहपुरा पंचायत समिति में एक-एक जगह, खैरथल-तिजारा जिले की ततारपुर पंचायत समिति में एक जगह पुनर्मतदान होगा।

जिला परिषद में यहां पुन: मतदान

बूंदी जिले में तीन मतदान केंद्र, कोटपूतली-बहरोड़ जिले में एक और जयपुर जिले में दो मतदान केंद्रों पर पुनर्मतदान कराया जाएगा।

पंचायत चुनाव परिणाम: गांवों में बड़ा उलटफेर, कांग्रेस की वापसी, भाजपा को झटका

विधानसभा चुनाव से पहले सत्ता का सेमीफाइनल माने जा रहे पंचायतीराज चुनावों के नतीजों ने प्रदेश की ग्रामीण राजनीति में बड़ा उलटफेर किया है। शुक्रवार को 37 जिलों में आए जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के परिणामों में विपक्ष को संजीवनी मिली है। कांग्रेस ने न केवल अपना जनाधार बढ़ाया, बल्कि पंचायत समितियों में भी भाजपा से आगे निकल गई। जिला परिषद की 37 में से 27 में कांग्रेस बढ़त की स्थिति में है, जबकि भाजपा करीब 6 जिलों में बहुमत हासिल कर पाई है। अन्य की 4 में बढ़त चल रही थ। पंचायत समितियों में भी कांग्रेस करीब 269 जगह प्रधान बनाने की स्थिति में है, जबकि भाजपा का आंकड़ा 73 के आसपास सिमटता दिख रहा है।

राज्य निर्वाचन आयोग ने शुक्रवार को 37 जिला परिषदों के 1275 और 419 पंचायत समितियों के 7543 वार्डों के परिणाम घोषित किए। चुनाव में कुल 29,177 उम्मीदवार मैदान में थे और 2 करोड़ 48 लाख 63 हजार 783 मत डाले गए। देर शाम तक मतगणना जारी रहने से कुछ वार्डों के परिणाम आना शेष थे। नतीजों के साथ ही जिला प्रमुख और प्रधान के पदों पर कब्जे के लिए राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं।