जयपुर

राजस्थान में पंचायत चुनाव का कल आखिरी दिन, 3747 ग्राम पंचायतों में पंच-सरपंच के लिए वोटिंग

राज्य निर्वाचन आयोग ने हाईकोर्ट में 15 नवंबर तक पंचायत और निकाय चुनाव की प्रक्रिया पूरी कराने का भरोसा दिया था। हालांकि, सरपंच और वार्ड पंच के अंतिम चरण का मतदान एक दिन आगे खिसक गया। अब 16 नवंबर को 25 जिलों की 3,747 ग्राम पंचायतों में वोटिंग के साथ पंच-सरपंच चुनाव का आखिरी चरण पूरा होगा।
2 min read
• •
Updated: 15 Nov 2026, 10:52 PM IST
Rajasthan Panchayat Chunav
पंचायत चुनाव में वोटिंग के लिए लाइन में खड़े मतदाता (फोटो-पत्रिका)

जयपुर। राजस्थान में पंचायतीराज चुनाव का अंतिम चरण सोमवार को पूरा होने जा रहा है। प्रदेश के 25 जिलों की 116 पंचायत समिति क्षेत्रों के अंतर्गत आने वाली 3,747 ग्राम पंचायतों में पंच और सरपंच पदों के लिए मतदान होगा। सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक वोट डाले जाएंगे। इस चरण में 3,747 सरपंच और 33,885 वार्ड पंच चुने जाएंगे। मतदान समाप्त होते ही ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर मतगणना शुरू होगी और देर रात तक परिणाम घोषित होने की संभावना है।

इस मतदान के साथ ही प्रदेश की सभी 14,403 ग्राम पंचायतों में पंच-सरपंच के चुनाव की प्रक्रिया पूरी हो जाएगी। इसके बाद मंगलवार, 17 नवंबर को संबंधित ग्राम पंचायतों में उपसरपंच का चुनाव कराया जाएगा। अंतिम चरण के लिए मतदान केंद्रों पर तैनात 11,905 मतदान दल भी इसी दिन लौटेंगे।

15 नवंबर की डेडलाइन छूटी

पंचायत चुनाव को लेकर राज्य निर्वाचन आयोग ने हाईकोर्ट में सुनवाई के दौरान प्रस्तावित कार्यक्रम पेश करते हुए 15 नवंबर तक निकाय और पंचायत चुनाव पूरे कराने का भरोसा दिया था। हालांकि, राज्य सरकार की ओर से पंचायतों के पुनर्गठन और चुनाव के लिए आरक्षण की लॉटरी प्रक्रिया में देरी के चलते पूरा चुनाव कार्यक्रम प्रभावित हुआ। नतीजतन, सरपंच और वार्ड पंच के अंतिम चरण का मतदान 15 नवंबर के बजाय 16 नवंबर को हो रहा है।

हालांकि, चुनाव प्रक्रिया का बड़ा हिस्सा पूरा हो चुका है। जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए चारों चरणों में मतदान कराया जा चुका है। अब केवल ग्राम पंचायत स्तर के अंतिम चरण का मतदान बाकी है। इसके पूरा होते ही पंचायतीराज चुनाव का यह बड़ा पड़ाव समाप्त हो जाएगा।

मतदान के बाद भी जारी रहेगी चुनावी प्रक्रिया

सरपंच और वार्ड पंच के परिणाम सोमवार को ही सामने आ जाएंगे। वहीं जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव की मतगणना 20 नवंबर को जिला मुख्यालयों पर होगी। इसके बाद 25 नवंबर को जिला प्रमुख, 26 नवंबर को उप जिला प्रमुख, 27 नवंबर को प्रधान और 28 नवंबर को उपप्रधान का चुनाव कराया जाएगा। इस तरह नवंबर के अंतिम सप्ताह तक पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव की पूरी प्रक्रिया संपन्न हो जाएगी।

चार चरणों में हुआ ग्राम पंचायतों का चुनाव

प्रदेश में कुल 14,403 ग्राम पंचायतों में पंच-सरपंच के चुनाव चार चरणों में कराए गए। पहले चरण में 3,314, दूसरे में 3,626 और तीसरे चरण में 3,716 ग्राम पंचायतों में मतदान हुआ। अब अंतिम चरण में 3,747 ग्राम पंचायतों में वोट डाले जाएंगे। सबसे अधिक ग्राम पंचायतों में मतदान अंतिम चरण में हो रहा है।

चारों चरणों में ग्राम पंचायत चुनाव का आंकड़ा

चरणग्राम पंचायत/सरपंचवार्ड पंचमतदातासरपंच प्रत्याशी
प्रथम3,31428,68283,33,40216,795
द्वितीय3,62633,7341,05,65,94421,839
तृतीय3,71634,2181,05,88,03722,232
चतुर्थ/अंतिम3,74733,8851,05,94,285—
कुल14,4031,30,5194,00,81,668—

अंतिम चरण के जिले और पंचायत समिति क्षेत्र

  • जिले: 25
  • पंचायत समिति क्षेत्र: 116
  • ग्राम पंचायतें: 3,747
  • सरपंच पद: 3,747
  • वार्ड पंच पद: 33,885
  • मतदान का समय: सुबह 7 से शाम 6 बजे तक

यह वीडियो भी देखें :