जयपुर

राजस्थान पंचायत चुनाव का चौथा चरण: 25 जिलों में वोटिंग जारी, 1.05 करोड़ से अधिक वोटर्स तय करेंगे 8843 प्रत्याशियों का भविष्य

Rajasthan Panchayat Election Fourth Phase Voting: राजस्थान की 25 जिला परिषदों के 382 एवं 116 पंचायत समितियों के 2142 सदस्यों के लिए शनिवार को सुबह सात बजे से मतदान शुरू हो गया है, जो शाम 6 बजे तक चलेगा।
2 min read
• •
Updated: 14 Nov 2026, 7:44 AM IST
Rajasthan Panchayat Election 2026
Rajasthan Panchayat Election 2026

जयपुर। राजस्थान की 25 जिला परिषदों के 382 एवं 116 पंचायत समितियों के 2142 सदस्यों के लिए शनिवार को सुबह सात बजे से मतदान शुरू हो गया है, जो शाम 6 बजे तक चलेगा। पंचायत चुनाव के चौथे यानी अंतिम चरण में 1.05 करोड़ से अधिक मतदाता 8843 प्रत्याशियों का भविष्य तय करेंगे। इसी चरण में 16 नवंबर को 3747 ग्राम पंचायतों के सरपंचों व उनके 33885 वार्ड पंचों के लिए मतदान होगा, जिसके तुरंत बाद मतगणना होगी और नतीजे भी उसी दिन घोषित हो जाएंगे।

राज्य निर्वाचन आयोग इस बार पंचायत चुनाव चार चरण में करा रहा है। चौथे और अंतिम चरण का चुनाव 14 से 17 नवंबर तक होगा, जिसके बाद सभी चार चरणों के मतदान की प्रक्रिया पूरी हो जाएगी। इस चरण में अंतिम दिन 17 नवंबर को 3747 ग्राम पंचायतों के उपसरपंचों का चुनाव होगा। इसके बाद 20 नवंबर को सभी जिला परिषद सदस्यों व पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव परिणाम घोषित हो जाएंगे।

कई नेताओं की बहू-बेटी और बेटे चुनाव मैदान में

25 व 26 नवंबर को जिला परिषदों के प्रमुख-उपप्रमुख एवं 27 व 28 नवंबर को पंचायत समितियों के प्रधान-उपप्रधान का चुनाव होगा। चौथे फेज में जिला परिषद और पंचायत समितियों में कई नेताओं के बेटे, बेटियां, बहू और रिश्तेदार चुनाव लड़ रहे हैं। बीजेपी के वरिष्ठ नेता राजेंद्र राठौड़ के बेटे पराक्रम सिंह और उनकी बहू चूरू से जिला परिषद का चुनाव लड़ रहे हैं।

श्रीगंगानगर में सबसे ज्यादा प्रत्याशी और वोटर्स

चौथे चरण में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्य के पदों पर श्रीगंगानगर में सबसे ज्यादा प्रत्याशी हैं। श्रीगंगानगर में ही सबसे ज्यादा 8.67 लाख वोटर्स हैं। श्रीगंगानगर में सबसे ज्यादा 30 जिला परिषद वार्डों में चुनाव हो रहे हैं। यहीं सबसे ज्यादा 101 प्रत्याशी हैं। पंचायत समिति मेंबर्स के मामले में भी श्रीगंगानगर में सबसे ज्यादा 553 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। यहां 164 पंचायत समिति वार्डों में चुनाव हो रहे हैं।

4 प्रमुख व 30 प्रधानों का चुनाव कार्यक्रम शीघ्र

चार जिला परिषदों व 30 पंचायत समितियों का कार्यकाल दिसंबर में पूरा होगा। इस कारण बारां, करौली, कोटा व श्रीगंगानगर के जिला प्रमुखों व उपप्रमुखों तथा 30 प्रधानों व उपप्रधानों के चुनाव बाद में होंगे। निर्वाचन आयोग इनके लिए शीघ्र ही चुनाव कार्यक्रम घोषित करेगा।

Updated on:
14 Nov 2026, 7:44 AM IST
Published on: