जयपुर

राजस्थान पंचायत चुनाव नतीजे: केंद्रीय मंत्रियों भूपेंद्र-शेखावत-मेघवाल के गढ़ में उलटफेर, BJP पिछड़ी; कांग्रेस को कहां मिली बढ़त?

Rajasthan Panchayat Election Result: राजस्थान पंचायत और जिला परिषद चुनाव में केंद्रीय मंत्रियों के गढ़ में भाजपा पिछड़ गई है। अलवर, बीकानेर और जोधपुर में कांग्रेस ने शानदार बढ़त बनाई है, जबकि अजमेर जिला परिषद में भाजपा को बहुमत मिला है।
2 min read
• •
Updated: 21 Nov 2026, 7:45 AM IST
rajasthan panchayat election results 2026
केंद्रीय मंत्रियों के गढ़ में भी बीजेपी पिछड़ी (पत्रिका क्रिएटिव फोटो)

Rajasthan Panchayat Election Results 2026: राजस्थान पंचायत चुनाव के नतीजे सामने आने के बाद प्रदेश की ग्रामीण राजनीति में कई चौंकाने वाले समीकरण देखने को मिले हैं। जिला परिषद और पंचायत समिति चुनावों में कांग्रेस ने कई जिलों में भाजपा को पीछे छोड़ते हुए अपनी स्थिति मजबूत की है। खास बात यह है कि केंद्रीय मंत्रियों के प्रभाव वाले क्षेत्रों में भी भाजपा को अपेक्षित सफलता नहीं मिली। अलवर, जोधपुर और बीकानेर में कांग्रेस ने बढ़त बनाई, जबकि अजमेर जिला परिषद में भाजपा बहुमत हासिल करने में सफल रही।

इन नतीजों को केंद्रीय मंत्रियों के प्रभाव वाले क्षेत्रों में राजनीतिक दलों के प्रदर्शन के लिहाज से भी देखा जा रहा है। केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव, गजेंद्र सिंह शेखावत और अर्जुनराम मेघवाल से जुड़े क्षेत्रों में कांग्रेस ने भाजपा को कड़ी चुनौती दी। वहीं, केंद्रीय मंत्री भागीरथ चौधरी के क्षेत्र अजमेर में भाजपा ने जिला परिषद में बहुमत हासिल किया।

भूपेंद्र यादव के गढ़ अलवर में कांग्रेस का दबदबा

केंद्रीय वन मंत्री भूपेंद्र यादव के प्रभाव वाले अलवर जिले में कांग्रेस ने जिला परिषद चुनाव में शानदार प्रदर्शन किया। जिला परिषद की कुल 39 सीटों में से कांग्रेस ने 33 सीटों पर जीत दर्ज की, जबकि भाजपा महज चार सीटों पर सिमट गई।

बहरोड़ में भी कांग्रेस ने अपनी मजबूत स्थिति दिखाई। यहां 27 में से 20 सीटों पर कांग्रेस ने जीत हासिल की। हालांकि, खैरथल-तिजारा में भाजपा का प्रदर्शन सुधरा और मुकाबला बराबरी का रहा। अलवर के नतीजे भाजपा के लिए बड़ा झटका माने जा रहे हैं।

गजेंद्र सिंह शेखावत के क्षेत्र जोधपुर में भाजपा को झटका

केंद्रीय संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत के गृह क्षेत्र जोधपुर में भी भाजपा को पंचायत चुनावों में झटका लगा। जिले की किसी भी पंचायत समिति में भाजपा बहुमत हासिल नहीं कर सकी। जिला परिषद चुनाव में भी पार्टी को हार का सामना करना पड़ा।

जोधपुर के अलावा जैसलमेर की पोखरण विधानसभा क्षेत्र में भी भाजपा बहुमत से दूर रही। इन नतीजों ने पश्चिमी राजस्थान के ग्रामीण क्षेत्रों में कांग्रेस की स्थिति को चर्चा में ला दिया है।

अर्जुनराम मेघवाल के गढ़ बीकानेर में कांग्रेस आगे

केंद्रीय कानून राज्य मंत्री अर्जुनराम मेघवाल के क्षेत्र बीकानेर में कांग्रेस ने भाजपा के मुकाबले बड़ी बढ़त हासिल की। बीकानेर जिला परिषद की 41 सीटों में से कांग्रेस ने 30 सीटों पर जीत दर्ज की, जबकि भाजपा को महज 8 सीटें मिलीं।

वहीं, 15 पंचायत समितियों के 263 वार्डों में कांग्रेस ने 155 सीटों पर जीत हासिल की। भाजपा को 65 सीटें मिलीं, जबकि कांग्रेस ने 13 सीटों पर बढ़त बनाई।

भागीरथ चौधरी के क्षेत्र अजमेर में भाजपा को बहुमत

केंद्रीय मंत्री भागीरथ चौधरी के क्षेत्र अजमेर में भाजपा ने जिला परिषद की 19 सीटों पर बहुमत हासिल किया। हालांकि, पंचायत समिति चुनावों में तस्वीर अलग रही। कांग्रेस और राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (रालोपा) ने कई क्षेत्रों में भाजपा को पीछे छोड़ दिया। अजमेर ग्रामीण, सावर और भिनाय में भी कांग्रेस आगे रही।

ग्रामीण राजनीति के लिए अहम रहे नतीजे

राजस्थान पंचायत चुनाव के ये नतीजे जिला परिषद और पंचायत समितियों में राजनीतिक दलों की स्थिति स्पष्ट करते हैं। एक तरफ अलवर, जोधपुर और बीकानेर में कांग्रेस ने अपनी ताकत दिखाई, वहीं अजमेर में भाजपा ने जिला परिषद में बहुमत हासिल किया। केंद्रीय मंत्रियों के प्रभाव वाले क्षेत्रों में आए इन परिणामों ने प्रदेश की ग्रामीण राजनीति में अलग-अलग जिलों के राजनीतिक समीकरणों को सामने ला दिया है।