
जयपुर। राजस्थान में पंचायती राज चुनाव की तारीखों में बड़ा बदलाव किया गया है। धनतेरस पर्व के संबंध में धार्मिक आस्था और जन भावनाओं को ध्यान में रखते हुए राज्य निर्वाचन आयोग ने पहले, दूसरे और तीसरे चरण की चुनाव प्रक्रिया में संशोधन किया गया है। इसके तहत जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के साथ पंच-सरपंच के मतदान की तारीखें एक-एक दिन पहले कर दी गई हैं। वहीं, चौथे चरण की तारीखों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
संशोधित कार्यक्रम के अनुसार जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए मतदान 22 अक्टूबर, 28 अक्टूबर, 3 नवंबर और 14 नवंबर को होगा। वहीं, पंच-सरपंच के लिए मतदान 24 अक्टूबर, 30 अक्टूबर, 5 नवंबर और 16 नवंबर को कराया जाएगा। बता दें कि पहले जारी कार्यक्रम के अनुसार जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए चार चरणों में मतदान 23 अक्टूबर, 29 अक्टूबर, 4 नवंबर और 14 नवंबर को होना था। इसी तरह पंच-सरपंच के लिए 25 अक्टूबर, 31 अक्टूबर, 6 नवंबर और 16 नवंबर को मतदान होना था। लेकिन, अब राज्य चुनाव आयोग ने पहले तीन चरणों की तारीखों में बदलाव किया है।
संशोधित कार्यक्रम के अनुसार प्रथम चरण में 21 अक्टूबर को जिला परिषद/पंचायत समिति सदस्य के लिए पोलिंग पार्टियों का प्रस्थान होगा और 22 अक्टूबर को मतदान होगा। 23 अक्टूबर को पंच/सरपंच के लिए नामांकन व 24 अक्टूबर को पंच/सरपंच के लिए मतदान होगा। इसके अलावा 25 अक्टूबर को उप सरपंच का चुनाव होगा।
दूसरे चरण में 27 अक्टूबर को जिला परिषद/पंचायत समिति सदस्य के लिए पोलिंग पार्टियां रवाना होंगी और 28 अक्टूबर को मतदान होगा। 29 अक्टूबर को पंच/सरपंच के लिए नामांकन व 30 अक्टूबर को पंच/सरपंच के लिए मतदान। 31 अक्टूबर को उप सरपंच का चुनाव होगा। तीसरे चरण में 2 नवंबर को जिला परिषद/पंचायत समिति सदस्य के लिए पोलिंग पार्टियों का प्रस्थान होगा और 3 नवंबर को मतदान होगा। 4 नवंबर को पंच/सरपंच के लिए नामांकन व 5 नवंबर को पंच/सरपंच के लिए मतदान होगा। 6 नवंबर को उप सरपंच का चुनाव होगा।
प्रथम चरण
द्वितीय चरण
तृतीय चरण