
जयपुर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजस्थान पत्रिका समूह के प्रधान संपादक गुलाब कोठारी की नवीन पुस्तक 'वाक्-विज्ञान उपनिषद' की सराहना करते हुए कहा है कि इसमें वाक् के विभिन्न आयामों को भारतीय दर्शन की दृष्टि से समझाने का सार्थक प्रयास किया गया है। मोदी ने अपने संदेश में कहा है कि इस पुस्तक के माध्यम से कोठारी ने भारतीय ज्ञान परंपरा के एक महत्वपूर्ण विषय पर अपने गहन चिंतन को प्रस्तुत किया है। वहीं, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कोठारी की तीन खंडों में प्रकाशित नवीन कृति 'मैं ही ब्रह्म, मैं ही ब्रह्मांड' के माध्यम से भारतीय संस्कृति, दर्शन और वैदिक ज्ञान परंपरा के गहन विषयों को जन-जन तक पहुंचाने की मुहिम की तारीफ की है।
पीएम मोदी ने संदेश में लिखा है कि हमारे ग्रंथों में शब्द और वाणी को हमेशा महत्व दिया गया है। कोठारी की पुस्तक शब्द और अर्थ के संबंध से लेकर सृष्टि की प्रक्रिया में वाक् की भूमिका तक जैसे अनेक विषयों की ओर ध्यान आकर्षित करती है, जिन पर विस्तृत विमर्श की आवश्यकता है। पीएम नरेंद्र मोदी ने कोठारी के पत्रकारिता और साहित्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान को भी रेखांकित करते हुए कहा कि राजस्थान पत्रिका के प्रधान संपादक एवं पत्रिका समूह के अध्यक्ष के रूप में उन्होंने पत्रकारिता के श्रेष्ठ मूल्यों को आगे बढ़ाया।
भारतीय संस्कृति, अध्यात्म, वेद और उपनिषदों पर उनकी निरंतर लेखनी उनके शोधपरक अध्ययन और साहित्यिक विरासत के प्रति गहरी रुचि को दर्शाती है। मोदी ने वर्ष 2020 में 'संवाद उपनिषद' और 'अक्षर यात्रा' के विमोचन का उल्लेख करते हुए कहा कि इन कृतियों के माध्यम से कोठारी की भारतीय ज्ञान परंपरा के प्रति समर्पण की विशेष चर्चा हुई थी। उनकी नई कृति भी इसी दिशा में उनके निरंतर चिंतन का परिचायक है।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने अपने संदेश में गुलाब कोठारी की कृति 'मैं ही ब्रह्म, मैं ही ब्रह्मांड' की प्रशंसा करते हुए वेदों के महत्व, वैदिक ज्ञान के मूल प्रश्नों और भारतीय चिंतन में नारी के स्वरूप, उसकी गरिमा तथा चेतना पर कोठारी के विचारों की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह चिंतन भारतीय परंपरा में नारी को सृजन, शक्ति और चेतना के रूप में देखने वाली दृष्टि को सामने लाता है। बिरला ने कहा कि यह कृति भारतीय दर्शन के मौलिक स्वरूप और उसे आधुनिक संदर्भों में समझने की दिशा में पाठकों का मार्गदर्शन करेगी।