जयपुर

OSD रहे लोकेश शर्मा से फिर होगी पूछताछ, क्राइम ब्रांच को सौंपेंगे ये सबूत; पूर्व सीएम की बढ़ सकती हैं मुश्किलें

Phone Tapping Case: पूर्व OSD रहे लोकेश शर्मा को 7 दिन में दूसरी बार दिल्ली क्राइम ब्रांच से बुलावा आया है। इसके लिए वह कल सुबह दिल्ली पहुंचेंगे।
2 min read
• •
Updated: 2 Oct 2024, 7:15 PM IST
Feature image

Rajasthan Phone Tapping Case: राजस्थान में पूर्ववर्ती गहलोत सरकार के समय सामने आया कथित फोन टैपिंग मामला फिर चर्चा में है। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के ओएसडी रहे लोकेश शर्मा को दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने फिर से पूछताछ के लिए बुलाया है। बताया जा रहा है कि लोकेश शर्मा इस बार पूछताछ के दौरान क्राइम ब्रांच को फोन टेपिंग केस से जुड़े सबूत सौंप सकते हैं। इसके बाद पूर्व सीएम अशोक गहलोत की भी मुश्किलें बढ़ सकती हैं।

पत्रिका से बातचीत में लोकेश शर्मा ने बताया कि गुरूवार को दिल्ली पुलिस ने फिर से पूछताछ के लिए बुलाया है। वह कल सुबह दिल्ली पहुंचेंगे और क्राइम ब्रांच की पूछताछ में सहयोग करेंगे। उन्होंने बताया कि क्राइम ब्रांच ने इस बार केस से जु़ड़े सबूत सौंपने के लिए बुलाया है।

गहलोत पर लगाए थे गंभीर आरोप

गौरतलब है कि फोन टेपिंग प्रकरण में लोकेश शर्मा से दिल्ली में 25 सितम्बर को पूछताछ हुई थी। यह पूछताछ लगभग 5 घंटे तक चली थी। क्राइम ब्रांच की पूछताछ में लोकेश शर्मा ने अपने स्टेटमेंट में पूर्व सीएम अशोक गहलोत सहित अधिकारियों पर गंभीर आरोप आरोप लगाए थे। अब कल की पूछताछ में इन खुलासों से जुड़े सबूत सौंपने की तैयारी कर रहे हैं।

दरअसल, लोकेश शर्मा ने दिल्ली में क्राइम ब्रांच की पूछताछ के बाद कहा था कि राजस्थान में पॉलिटिकल क्राइसिस के समय अशोक गहलोत अपने पक्ष के विधायकों सहित सचिन पायलट के साथ मानेसर गए विधायकों के फोन सर्विलांस पर लिए थे, वह सभी की रिकॉर्डिंग सुनते थे कि किसने किससे बात की? इसमें तत्कालीन DGP, चीफ सेक्रेटरी, होम सेक्रेटरी और CM के प्रमुख सचिव कुलदीप रांका भी शामिल थे।

सात पेज का का दिया था जवाब

लोकेश शर्मा ने 25 सितंबर की पूछताछ के बाद कहा था कि, "आज मैंने सात पेज का मेरा जवाब दिया है और इस स्टेटमेंट को कलमबद्ध भी करवाया है। मैंने दिल्ली क्राइम ब्रांच के समक्ष कहा है कि फोन टैपिंग से जुड़े हुए जो तथ्य मेरे पास हैं, जरूरत पड़ने पर मैं क्राइम ब्रांच के समक्ष पेश कर सकता हूं। साथ ही लोकेश शर्मा ने कहा अब इस मामले में क्राइम ब्रांच को आगे इन्वेस्टिगेशन के लिए अशोक गहलोत से पूछताछ करनी चाहिए।"

उल्लेखनीय है कि फोन टैपिंग के मामले में केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने मार्च 2021 में दिल्ली क्राइम ब्रांच में लोकेश शर्मा के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई, जिसके खिलाफ शर्मा ने दिल्ली हाईकोर्ट में याचिका दायर कर रखी है।

Updated on:
2 Oct 2024, 7:15 PM IST
Published on: