
जयपुर/दौसा। राजस्थान में गौ तस्करों का आतंक रूकने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार रात गौ तस्करों ने दौसा पुलिस को जमकर छकाया, लेकिन पुलिस ने भी हार नहीं मानी। पुलिस ने दो जगहों पर गौ तस्करों का सामना किया। तस्करों ने पुलिस पर शराब की बोतलें फेंकी, गाड़ी को टक्कर मारी और फायर भी किए, लेकिन उसके बाद भी पुलिस एक तस्कर को दबोचने में कामयाब हो गई।
दौसा के सिकंदरा और महवा में हुई इन दोनों घटनाओं में फरार हुए तस्करों की तलाश के लिए रातभर से नाकाबंदी जारी है। फायरिंग की इन घटनाओं के बाद से ही दौसा एसपी चूनाराम जाट भी देर रात तक नाकाबंदी में शामिल रहे।
तस्करों ने तोड़ी नाकाबंदी
मामले की जांच कर रही पुलिस ने बताया सिकंदरा थाने के बाहर से गौ तस्करों के दो ट्रक गुजरने की सूचना मिली थी। सिकंदरा थाने पर देर रात नाकाबंदी की गई तो तस्करों ने नाकाबंदी तोड़ दी और गीजगढ़ चौकी की ओर भागे। चौकी पर पहले से ही तैनात पुलिस ने तस्करों को रोकने की कोशिश की।
पुलिस पर फेंकी शराब की बोतलें
तस्करों ने पुलिस पर फायर किए, शराब की बोतलें फेंकी और भागने का प्रयास किया। इसी प्रयास में तस्करों का खाली ट्रक नाले में फंस गया।
जबड़े को चीरते हुए आर-पार हुई गोली
इस दौरान पुलिस ने ट्रक चालक तस्कर को गोली मार दी। गोली उसके जबड़े को चीरते हुए आर-पार हो गई। गायों से भरा दूसरा ट्रक चालक लेकर फरार हो गया। गायों से भरे हुए इस ट्रक को कुछ ही देर में महवा थाने के पास पालडी मोड़ पर नाकाबंदी के दौरान पकड़ा गया। ट्रक में सवार दोनों तस्कर फरार होने में सफल हो गए। पुलिस ने ट्रक से 13 गाय बरामद की हैं।