
Rajasthan politics: गांधी जयंती से पहले राजस्थान में पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने फिर से राजनीतिक धमाका किया है। अशोक गहलोत के सोशल मीडिया पर एक पोस्ट ने राजनीतिक गलियारों में हड़कंप मचा दिया है। उन्होंने अपने एक्स हैंडल पर पोस्ट कर भजनलाल सरकार को जयपुर स्थित गांधी वाटिका म्यूजियम को लेकर एक बार फिर से चेताया है। अशोक गहलोत ने म्यूजियम को लेकर सरकार पर हठधर्मिता का आरोप लगाते हुए धरना देने की चेतावनी दी है।
पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने अपने एक्स हैंडल पर लिखा कि, "करीब एक साल पूर्व उद्घाटन हो जाने के बाद भी भाजपा सरकार ने सेंट्रल पार्क, जयपुर स्थित गांधी वाटिका म्यूजियम को आम जनता के लिए नहीं खोला है। करीब 85 करोड़ रुपए लागत से यह विश्वस्तरीय म्यूजियम बना है। मैंने व्यक्तिगत तौर पर एवं पत्र लिखकर भी मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से आग्रह किया कि जनता के बीच गांधीजी के सत्य एवं अहिंसा के संदेश को पहुंचाने के लिए इस म्यूजियम को शुरू किया जाए।"
उन्होंने आगे कहा कि, "सरकार की इस हठधर्मिता के विरोध एवं गांधी वाटिका म्यूजियम को आम जनता के लिए शुरू करने हेतु मैं एवं तमाम गांधीवादी 28 सितंबर, शनिवार को सेंट्रल पार्क के गेट नंबर 5 पर स्थित गांधी वाटिका म्यूजियम पर सुबह 11 बजे से अपराह्न 4 बजे तक धरना देंगे।"
बताते चलें कि कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी एवं तत्कालीन मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने पिछले साल 23 सितंबर को जयपुर के सेंट्रल पार्क में बनी ‘गांधी वाटिका' का लोकार्पण किया था। नई पीढ़ी को महात्मा गांधी के विचारों से परिचित कराने के लिए 85 करोड़ रुपए की लागत से यह गांधी वाटिका की विषय वस्तु गांधीवादी विचारकों की समिति के मार्गदर्शन में तैयार की गई है।