
Rajasthan Rail-Flight Connectivity: राजस्थान के यात्रियों को जल्द रेल और हवाई कनेक्टिविटी की नई सौगात मिलने जा रही है। उत्तर पश्चिम रेलवे जोन को 6 नई रेल रैक मिलने वाली हैं, जबकि जयपुर से नोएडा के लिए सीधी उड़ान शुरू करने की तैयारी चल रही है। साथ ही आकाशा एयर भी जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट से अपने फ्लाइट ऑपरेशन शुरू करने की योजना बना रही है।
उत्तर पश्चिम रेलवे को चार नई मेमू रैक सहित कुल 6 रेल रैक आवंटित की जा रही हैं। इनमें सबसे पहले लालगढ़ (बीकानेर)-साबरमती एक्सप्रेस का शुभारंभ होगा। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव 21 जून (अंतरराष्ट्रीय योग दिवस) को बीकानेर में ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। सूत्रों के अनुसार चार मेमू ट्रेनों में से 2 का संचालन जयपुर मंडल से किए जाने की तैयारी है। इसके अलावा खातीपुरा-दरभंगा स्पेशल ट्रेन भी प्रस्तावित है। कुछ प्रस्ताव अंतिम प्रक्रिया में हैं, जबकि खातीपुरा-दरभंगा और बीकानेर-साबरमती ट्रेन की घोषणा हो चुकी है।
जयपुर की हवाई कनेक्टिविटी भी जल्द मजबूत होने जा रही है। एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार जयपुर-नोएडा रूट पर जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट से दो नई उड़ानें शुरू करने की तैयारी है। इन्हें जुलाई के पहले सप्ताह से शुरू किए जाने की संभावना है। इधर, आकाश एयर की टीम ने हाल ही में जयपुर एयरपोर्ट का निरीक्षण किया है। एयरलाइन जयपुर को अपने नेटवर्क में शामिल करने की तैयारी कर रही है। जानकारी के अनुसार आकाशा एयर पहले चरण में जयपुर-बेंगलूरु सीधी उड़ान शुरू कर सकती है। इसके बाद मुंबई रूट पर भी सेवाएं शुरू करने की योजना है। प्रस्तावित उड़ानें अक्टूबर तक शुरू हो सकती हैं।
मिली जानकारी के अनुसार जयपुर रेल मंडल से होकर गुजरने वाली कुछ ट्रेनों का संचालन साप्ताहिक के स्थान पर दैनिक करने की योजना पर भी विचार हो रहा है। इसमें उदयपुर से योगनगरी ऋषिकेश ट्रेन जो सप्ताह में तीन दिन चलती है इसे रोजाना चलाने की मांग उठ रही है। वहीं अजमेर से हरिद्वार ट्रेन चलाने का प्रस्ताव भी उच्च स्तर पर भेजा गया है। माना जा रहा है कि रेल मंत्रालय जल्द ही इस पर निर्णय लेगा।