जयपुर

Good News: युवाओं के लिए बड़ा मौका, अब रीको दे रहा रेडी-टू-यूज फैक्ट्रियां, आओ और काम करो शुरू

RIICO Plug and Play‘प्लग एंड प्ले’ सुविधा से आसान होगा उद्योग शुरू करना। राजस्थान में औद्योगिक क्रांति: संभागीय स्तर पर मिलेंगी रेडी-टू-यूज फैक्ट्रियां। स्टार्टअप से उद्योग तक आसान सफर: ‘प्लग एंड प्ले’ मॉडल से बढ़ेगा निवेश और रोजगार।

2 min read
Apr 22, 2026
Rajasthan New Industrial Policy
Photo: AI-generated

Industrial Development Rajasthan: जयपुर. राजस्थान में औद्योगिक विकास को नई गति देने और युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से राज्य सरकार ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। रीको (RIICO) द्वारा ‘प्लग एंड प्ले’ सुविधा विकसित की जा रही है, जिसके तहत अब उद्यमियों को उद्योग शुरू करने के लिए लंबी प्रक्रियाओं और भारी निवेश की जरूरत नहीं होगी। यह सुविधा राज्य के विभिन्न संभागीय स्तरों पर उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे युवाओं को अपने व्यवसाय को तेजी से स्थापित करने का अवसर मिलेगा।

प्रमुख औद्योगिक क्षेत्रों में प्लग एंड प्ले सुविधाएं विकसित

सरकार की बजट घोषणा के अनुरूप रीको ने इस योजना को जमीन पर उतारने की दिशा में तेजी से काम शुरू कर दिया है। इसके तहत जयपुर के सीतापुरा फेज-3, बीकानेर के करणी औद्योगिक क्षेत्र, जोधपुर के बोरानाडा एग्रो फूड पार्क, भरतपुर के ब्रज औद्योगिक क्षेत्र, किशनगढ़ के खोड़ा, उदयपुर के आईआईडी सेंटर कलड़वास, कोटा के रानपुर एग्रो फूड पार्क और अजमेर के माकड़वाली आईटी पार्क जैसे प्रमुख औद्योगिक क्षेत्रों में प्लग एंड प्ले सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

उद्यमियों को रेडी-टू-मूव फैक्ट्री शेड और मॉड्यूल्स उपलब्ध

इस मॉडल के तहत उद्यमियों को रेडी-टू-मूव फैक्ट्री शेड और मॉड्यूल्स उपलब्ध होंगे, जिससे वे तुरंत उत्पादन शुरू कर सकेंगे। भूखंडों का आवंटन ऑनलाइन ई-ऑक्शन के माध्यम से रेंटल बेसिस पर 15 वर्षों के लिए किया जाएगा, जिसे आगे 10 वर्षों तक बढ़ाया जा सकेगा। किराये की प्रारंभिक दर संबंधित क्षेत्र की प्रचलित दर का 5 प्रतिशत प्रतिवर्ष प्रति वर्गमीटर होगी, जिसमें हर वर्ष 5 प्रतिशत की वृद्धि भी निर्धारित की गई है।

सीतापुरा औद्योगिक क्षेत्र में 14 रेडी मॉड्यूल्स का आवंटन

रीको ने पहले ही जयपुर के सीतापुरा औद्योगिक क्षेत्र में फ्लेटेड फैक्ट्री कॉम्प्लेक्स के तहत 14 रेडी मॉड्यूल्स का आवंटन कर दिया है। वहीं, बालोतरा के बोरावास कलावा औद्योगिक क्षेत्र में प्लग एंड प्ले फैक्ट्री शेड के निर्माण कार्य भी तेजी से जारी हैं। इस परियोजना पर करोड़ों रुपये की लागत से कार्यादेश जारी किए जा चुके हैं।

विशेषज्ञों का मानना है कि यह पहल न केवल उद्योग स्थापित करने की प्रक्रिया को सरल बनाएगी, बल्कि राज्य में निवेश को आकर्षित करने और बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर पैदा करने में भी अहम भूमिका निभाएगी। ‘प्लग एंड प्ले’ मॉडल के माध्यम से राजस्थान देश के औद्योगिक मानचित्र पर और अधिक मजबूती से उभरने की दिशा में अग्रसर है।

Published on:
22 Apr 2026 11:08 am