जयपुर

राजस्थान के 33 जिलों को नई सड़कों की सौगात, सीएम भजनलाल शर्मा ने 676 करोड़ के 77 कार्यों को दी मंजूरी

राजस्थान में सड़क विकास को नई रफ्तार देने के लिए भजनलाल सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। प्रदेश के 33 से अधिक जिलों में 676 करोड़ रुपए से ज्यादा की लागत से 77 सड़क निर्माण और उन्नयन कार्यों को मंजूरी दी गई है। इन परियोजनाओं से गांवों से लेकर शहरों तक आवागमन आसान होगा और सड़क नेटवर्क पहले से ज्यादा मजबूत नजर आएगा।
2 min read
May 28, 2026
CM Bhajanlal
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा (फोटो-पत्रिका नेटवर्क)

जयपुर। राजस्थान में सड़क नेटवर्क को मजबूत करने की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में वर्ष 2026-27 की बजट घोषणाओं को तेजी से धरातल पर उतारते हुए प्रदेश के 33 से अधिक जिलों में 77 सड़क निर्माण और उन्नयन कार्यों को सैद्धांतिक मंजूरी दी गई है। इन परियोजनाओं पर कुल 676.74 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। सरकार के इस फैसले से प्रदेश में सड़क संपर्क व्यवस्था मजबूत होगी और ग्रामीण से शहरी क्षेत्रों तक आवागमन पहले से अधिक सुगम हो सकेगा।

सार्वजनिक निर्माण विभाग की ओर से जारी स्वीकृतियों के अनुसार इन कार्यों के तहत करीब 686.42 किलोमीटर लंबाई की सड़कों का निर्माण, चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण किया जाएगा। इसमें राज्य राजमार्ग, मुख्य जिला सड़कें, अन्य जिला सड़कें और ग्रामीण संपर्क मार्ग शामिल हैं। सरकार का उद्देश्य दूरदराज क्षेत्रों को बेहतर सड़क सुविधा से जोड़ना और यातायात को सुरक्षित व सुविधाजनक बनाना है।

यह वीडियो भी देखें :

इन जिलों को मिलेगा लाभ

इन स्वीकृत कार्यों का लाभ अजमेर, अलवर, बांसवाड़ा, बारां, भरतपुर, बालोतरा, बूंदी, चूरू, दौसा, डीग, डूंगरपुर, डीडवाना-कुचामन, जालोर, झुंझुनूं, जोधपुर, करौली, कोटपूतली, नागौर, पाली, फलोदी, प्रतापगढ़, सवाई माधोपुर, सीकर, श्रीगंगानगर, सलूम्बर, सिरोही और उदयपुर समेत 33 से अधिक जिलों को मिलेगा। इन क्षेत्रों में लंबे समय से खराब या संकरी सड़कों की समस्या बनी हुई थी, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता था।

पर्यटन-व्यापार को मिलेगा बढ़ावा

सरकार का मानना है कि सड़क ढांचा मजबूत होने से न केवल आमजन को राहत मिलेगी, बल्कि व्यापार, पर्यटन और कृषि गतिविधियों को भी गति मिलेगी। ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर सड़क संपर्क होने से किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने में आसानी होगी, वहीं विद्यार्थियों और मरीजों को भी बेहतर परिवहन सुविधा मिल सकेगी।

सड़क निर्माण को सरकार दे रही प्राथमिकता

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बजट 2026-27 में सड़क अवसंरचना को विशेष प्राथमिकता दी है। सरकार का लक्ष्य प्रदेश के हर क्षेत्र को मजबूत सड़क नेटवर्क से जोड़ना है, ताकि विकास की गति गांवों तक पहुंच सके। 77 सड़क परियोजनाओं को मिली मंजूरी को इसी दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। आने वाले समय में इन परियोजनाओं के पूरा होने से राजस्थान का सड़क तंत्र और अधिक आधुनिक तथा मजबूत नजर आएगा।

Updated on:
28 May 2026 10:00 pm
Published on:
28 May 2026 10:00 pm