
Rajasthan : जयपुर. राजस्थान रोडवेज कर्मचारियों के लिए इस बार दिवाली की खुशी कुछ खास है। छह साल बाद पहली बार निगम कर्मचारियों को दिवाली पर बोनस दिया जा रहा है। अब तक दिवाली के मौके पर कर्मचारियों को बोनस के बजाय दो से तीन महीने की लंबित तनख्वाह का भुगतान कर राहत दी जाती रही है। वर्ष 2024 में भी दिवाली पर कर्मचारियों को तीन महीने की बकाया सैलरी दी गई थी। कार्यालय आदेश के अनुसार, 21 हजार रुपए प्रतिमाह तक वेतन पाने वाले कर्मचारियों को बोनस मिलेगा, जबकि इससे अधिक वेतन वाले कर्मचारियों को एक्स-ग्रेशिया दिया जाएगा। बोनस और एक्स-ग्रेशिया की कुल राशि का 75 प्रतिशत भुगतान नकद किया जाएगा, जबकि शेष 25 प्रतिशत राशि कर्मचारियों के खातों में जमा होगी।
बताया जा रहा है कि निगम प्रबंधन के दावों के अनुसार राजस्थान रोडवेज की संचालन लागत में 600 से 700 करोड़ रुपए की कमी आई है। ऐसे में निगम की आर्थिक स्थिति में सुधार हुआ है और वह लाभ की स्थिति में है। कर्मचारी संगठनों ने इसी आधार पर राज्य सरकार के आदेशों के अनुरूप बोनस और एक्सग्रेशिया देने की मांग की थी।
जयपुर. प्रदेश के नगरीय निकायों में कार्यरत अग्निशमन कर्मचारियों को भी राज्य कर्मचारियों के समान मैस भत्ते का लाभ मिलेगा। स्वायत्त शासन विभाग ने इस संबंध में निर्देश जारी किए हैं। निदेशक जुईकर प्रतीक चंद्रशेखर के अनुसार, कर्मचारियों को भत्ते का भुगतान वित्त विभाग के आदेशों और लागू सेवा नियमों के अनुसार किया जाएगा।
राजस्थान परिवहन निगम संयुक्त कर्मचारी फेडरेशन भारतीय मजदूर संघ के प्रदेश महामंत्री सत्यनारायण शर्मा ने बताया कि रोडवेज कर्मचारियों को बोनस देने की मांग काफी समय से की जा रही थी। इस संबंध में उच्च अधिकारियों को भी ज्ञापन दिया गया था। राजस्थान सरकार ने कर्मचारियों की मांगों को मानते हुए बोनस देने की घोषणा की है। कर्मचारी संघ ने इसके लिए सरकार को धन्यवाद दिया है।