
जयपुर। मेडिकल शिक्षा में गुणवत्ता, पारदर्शिता और फैकल्टी की उपलब्धता बनाए रखने के लिए विश्वविद्यालयों ने डिजिटल निगरानी के सिस्टम तो बना लिए, लेकिन इनकी निगरानी करने वाले ही सवालों के घेरे में आ जाएं तो व्यवस्था पर सवाल उठना लाजिमी है। राजस्थान स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय (आरयूएचएस) के फैकल्टी मैनेजमेंट सिस्टम (एफएमएस) में नियमित फैकल्टी के रूप में दर्ज कुछ शिक्षकों के नाम महाराष्ट्र यूनिवर्सिटी ऑफ हेल्थ साइंसेज (एमयूएचएस) से संबद्ध फिजियोथैरेपी कॉलेजों में भी नियमित फैकल्टी के रूप में सामने आए हैं।
यानी एक ही शिक्षक के दो राज्यों के विश्वविद्यालयों में एक साथ नियमित रूप से कार्यरत होने का मामला सामने आया है। महाराष्ट्र यूनिवर्सिटी से प्राप्त दस्तावेज ने इस दोहरी नियुक्ति की पोल खोली है। अब सवाल है कि एक शिक्षक एक ही समय में दो संस्थानों में विद्यार्थियों को पढ़ाने की जिम्मेदारी कैसे निभा रहा है?
संबंधित फैकल्टी सदस्य केवल कॉलेजों में शिक्षण कार्य तक सीमित नहीं हैं। इनमें आरयूएचएस से संबद्ध कॉलेजों के शैक्षणिक एवं प्रशासनिक निरीक्षण (एकेडमिक एंड एडमिनिस्ट्रेटिव ऑडिट-एएए) के लिए गठित विभिन्न संकायों की समन्वय समितियों और बोर्ड ऑफ स्टडीज से जुड़े सदस्य भी शामिल बताए जा रहे हैं। ये समितियां कॉलेजों में शैक्षणिक गुणवत्ता, फैकल्टी की उपलब्धता और निर्धारित मानकों की पालना सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
आरयूएचएस के एफएमएस पोर्टल पर भी इनकी नियुक्ति और कार्यरत होने का विवरण उपलब्ध है। दस्तावेज के अनुसार कुछ मामलों में यह स्थिति पिछले तीन साल से बनी हुई बताई जा रही है। मेडिकल शिक्षा में फैकल्टी की वास्तविक उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए आरयूएचएस ने फैकल्टी मैनेजमेंट सिस्टम विकसित किया है। इसमें संस्थानों और शिक्षकों का विवरण दर्ज रहता है, ताकि निर्धारित मानकों के अनुरूप फैकल्टी की उपलब्धता की जांच हो सके।
आरयूएचएस में इससे पहले नर्सिंग फैकल्टी से जुड़े ऐसे मामलों में भी कठोर कार्रवाई किए जाने के उदाहरण सामने आ चुके हैं। ऐसे में फिजियोथैरेपी कॉलेजों से जुड़े इस प्रकरण में भी विश्वविद्यालय की जवाबदेही तय होती है। यदि दस्तावेज में सामने आए तथ्य जांच में सही पाए जाते हैं तो संबंधित फैकल्टी सदस्यों के साथ उन संस्थानों की भूमिका की भी पड़ताल जरूरी है, जिन्होंने एक ही शिक्षक को नियमित फैकल्टी के रूप में दर्शाया।
इस तरह के मामलों की हम जानकारी मिलते ही कार्रवाई कर रहे हैं। नर्सिंग में कुछ मामले सामने आए थे, जिनमें हमने एक्शन लिया था। अन्य संकायों के भी मामले सामने आएंगे तो हम कार्रवाई करेंगे।
-डॉ.प्रो.प्रमोद येवले, कुलगुरु, राजस्थान स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय